रांची: झारखंड में लर्निंग लाइसेंस और ड्राइविंग लाइसेंस के लंबित आवेदनों को लेकर परिवहन विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। परिवहन सचिव राजीव रंजन ने राज्य के सभी जिला परिवहन पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि विभागीय पोर्टल पर लंबित पड़े आवेदनों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। हाल ही में विभागीय समीक्षा बैठक के दौरान यह पाया गया कि कई जिलों में आवेदनों के साथ जमा दस्तावेजों की जांच और सत्यापन की प्रक्रिया अपेक्षित गति से नहीं हो रही है। इस पर नाराजगी जताते हुए सचिव ने कहा कि कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को लंबित मामलों की नियमित समीक्षा कर त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
गोड्डा परिवहन कार्यालय की कार्यप्रणाली पर भी उठे सवाल
बैठक में गोड्डा जिला परिवहन कार्यालय की कार्यप्रणाली और राजस्व संग्रहण की स्थिति की भी समीक्षा की गई। सचिव ने पाया कि जिले में राजस्व संग्रहण का कार्य संतोषजनक नहीं है। इसके बाद उन्होंने संताल परगना प्रमंडल के क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकार के उप परिवहन आयुक्त-सह-सचिव को गोड्डा कार्यालय का निरीक्षण करने का निर्देश दिया। साथ ही उन्हें 15 दिनों के भीतर जांच कर विस्तृत प्रतिवेदन विभाग को सौंपने को कहा गया है। परिवहन सचिव ने स्पष्ट किया कि विभागीय सेवाओं को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और जनहितकारी बनाने के लिए लंबित मामलों के निपटारे तथा जिला कार्यालयों की कार्यप्रणाली की लगातार निगरानी की जाएगी।
