झारखंड के गढ़वा जिले के विशुनपुरा थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। ताजा मामला विशुनपुरा बाजार स्थित मनोकामना ज्वैलर्स का है, जहां शुक्रवार रात चोरों ने फिल्मी अंदाज में वारदात को अंजाम देते हुए हजारों रुपये की नकदी और कीमती जेवरात पर हाथ साफ कर दिया।
दुकान मालिक अजीत सोनी के अनुसार, वे शुक्रवार रात करीब 9 बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे। शनिवार सुबह जब वे दुकान खोलने पहुंचे, तो अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। दुकान के अंदर सामान बिखरा पड़ा था और काउंटर का लॉक टूटा हुआ था।
छत काटकर दुकान में घुसे चोर
जांच में सामने आया कि चोरों ने दुकान में घुसने के लिए सीढ़ी के ऊपर लगे सीट (छत के हिस्से) को काटकर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद उन्होंने काउंटर का ताला तोड़कर करीब 40 हजार रुपये नकद और लगभग 1.25 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए और फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। भुक्तभोगी अजीत सोनी ने मामले की जानकारी स्थानीय थाना को दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
पहले भी हो चुकी हैं बड़ी वारदातें
गौरतलब है कि विशुनपुरा क्षेत्र में यह पहली चोरी नहीं है। इससे पहले भी मुन्ना ज्वैलर्स में करीब 40 लाख रुपये के जेवरात की चोरी हो चुकी है। इसके अलावा एक अन्य ज्वेलरी व्यवसायी सुजीत गुप्ता से सोने-चांदी से भरा झोला लूटे जाने की घटना ने भी इलाके में दहशत फैला दी थी। इन मामलों का अब तक पूरी तरह खुलासा नहीं हो सका है।
व्यापारियों में भय और आक्रोश
लगातार हो रही चोरी और लूट की घटनाओं से स्थानीय व्यापारियों में डर और आक्रोश का माहौल है। व्यवसायियों ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, नियमित गश्ती बढ़ाने और अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।











