सरायकेला के J.K.S.J.M इंटर कॉलेज के 300 छात्रों का रिजल्ट ऑनलाइन जारी नहीं

सरायकेला के J.K.S.J.M इंटर कॉलेज के 300 छात्रों का रिजल्ट ऑनलाइन जारी नहीं

Johar News Times
3 Min Read

कॉलेज प्रबंधन और अभिभावकों में नाराजगी, जैक बोर्ड से जल्द कार्रवाई की मांग,

सरायकेला-खरसावां जिले के नीमडीह प्रखंड स्थित J.K.S.J.M इंटर कॉलेज आदारडीह के करीब 300 इंटरमीडिएट छात्रों का परीक्षा परिणाम अब तक ऑनलाइन जारी नहीं होने से छात्र-छात्राओं और अभिभावकों में चिंता का माहौल है। Arts, Science और Commerce तीनों संकाय के विद्यार्थियों का रिजल्ट लंबित रहने से उनके भविष्य और नामांकन प्रक्रिया पर संकट गहरा गया है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए सोमवार को कॉलेज परिसर में उप प्राचार्य पुरुषोत्तम महतो की अध्यक्षता में आपात बैठक बुलाई गई। बैठक में कॉलेज की विभिन्न कमेटियों और शिक्षकों ने जैक बोर्ड की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई। कॉलेज प्रबंधन ने चेतावनी दी कि यदि शाम पांच बजे तक रिजल्ट ऑनलाइन जारी नहीं होता है तो जैक बोर्ड के खिलाफ आगे की कार्रवाई की मांग की जाएगी।

- Advertisement -
Ad image

उप प्राचार्य पुरुषोत्तम महतो ने बताया कि कॉलेज की ओर से सभी छात्रों का फॉर्म सही तरीके से भरा गया था। छात्रों ने परीक्षा भी दी है और प्रैक्टिकल के अंक भी समय पर भेजे जा चुके हैं। इसके बावजूद लगभग 300 छात्रों का रिजल्ट जारी नहीं होना गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि पिछले 15 वर्षों से कॉलेज का रिजल्ट करीब 95 प्रतिशत रहा है, लेकिन इस बार अचानक परिणाम लंबित रहने का स्पष्ट कारण अब तक सामने नहीं आया है।

जानकारी के अनुसार कॉलेज के प्राचार्य फिलहाल रांची स्थित जैक कार्यालय में मौजूद हैं और बोर्ड अधिकारियों से लगातार संपर्क में हैं। कॉलेज प्रबंधन का कहना है कि तकनीकी त्रुटि की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता, लेकिन बोर्ड की ओर से अब तक कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया गया है।

इस कॉलेज में जमशेदपुर, बोकारो, धनबाद और पश्चिम बंगाल के विभिन्न क्षेत्रों से छात्र पढ़ाई करने आते हैं। रिजल्ट में देरी के कारण छात्रों के ग्रेजुएशन एडमिशन और करियर पर असर पड़ रहा है। विस्थापित अधिकार मंच फाउंडेशन के अध्यक्ष राकेश रंजन ने भी मामले को गंभीर बताते हुए जैक बोर्ड से जल्द रिजल्ट जारी करने की मांग की है।

हर अपडेट के लिये जुड़े रहे — ताजा खबरों के लिये हमारे न्यूज चैनल और वेबसाइट को लाइक और सब्सक्राइब करें — joharnewstimes.com

- Advertisement -
Ad image

Share This Article