लौहनगरी के युवाओं को देश की नीति-निर्धारण और ज्वलंत मुद्दों पर अपनी आवाज बुलंद करने के लिए एक बड़ा मंच मिलने जा रहा है। बिष्टुपुर के क्यू रोड स्थित क्लब हाउस में आज (12 जून) से दो दिवसीय ‘स्टील सिटी युवा संसद ’ का भव्य आयोजन शुरू हो रहा है। स्वयंसेवी संस्था ‘संवाद’ द्वारा आयोजित यह युवा संसद 12 और 13 जून को सुबह 8 बजे से शाम 6 बजे तक चलेगी, जिसमें देश भर के युवा सांसद के रूप में अपनी बात रखेंगे।
NEET-UG और पेपर लीक जैसे सुलगते सवाल रहेंगे केंद्र में
इस बार की युवा संसद का मुख्य एजेंडा देश की वर्तमान परीक्षा प्रणाली और छात्रों के भविष्य से जुड़ा है। चर्चा के केंद्र में मुख्य रूप से ये मुद्दे रहेंगे:
- हाल ही में NEET-UG परीक्षा को लेकर उपजे विवादों और विसंगतियों पर तीखी बहस होने की उम्मीद है।
- सरकारी व सार्वजनिक भर्ती परीक्षाओं में लगातार हो रहे पेपर लीक और कछुआ गति से चलने वाली भर्ती प्रक्रियाओं पर युवा अपनी आवाज उठाएंगे।
- CBSE की ऑन-स्क्रीन मूल्यांकन प्रणाली की कमियों, डिजिटल चेकिंग की पारदर्शिता और जवाबदेही पर भी शिक्षाविदों और युवाओं के बीच मंथन होगा।
सांसद और SDO करेंगे उद्घाटन
इस दो दिवसीय राष्ट्रीय महत्व के कार्यक्रम का उद्घाटन आज (12 जून) सुबह 11 बजे भव्य रूप से किया जाएगा। उद्घाटन समारोह में मुख्य रूप से जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो और धालभूम के एसडीओ अर्नब मिश्रा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। वहीं, इस वैचारिक महाकुंभ का समापन शनिवार, 13 जून को शाम 5 बजे होगा।
भरोसा बहाल करना है मुख्य उद्देश्य शिक्षाविदों का मानना है कि बार-बार होने वाले पेपर लीक और रिजल्ट में देरी से युवाओं का सिस्टम पर से भरोसा उठा है। ‘संवाद’ संस्था के आयोजकों के अनुसार, इस युवा संसद का उद्देश्य परीक्षा प्रक्रियाओं को अधिक पारदर्शी, तकनीक-सक्षम और जवाबदेह बनाने के लिए ठोस व व्यावहारिक सुझाव तैयार करना है, ताकि इन्हें नीति निर्माताओं तक पहुंचाया जा सके।
