जमशेदपुर: सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के छायानगर डब्बा लाइन में वर्चस्व की जंग ने अब खूनी रूप ले लिया है। 31 मार्च को हुई हिंसक झड़प में गंभीर रूप से घायल युवक सन्नी पुष्टि की गुरुवार को टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) में मौत हो गई। सन्नी की मौत के बाद अस्पताल परिसर में परिजनों ने जमकर हंगामा किया।
क्या था पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, छायानगर डब्बा लाइन सामुदायिक भवन के पास 31 मार्च को दो गुटों के बीच खूनी संघर्ष हुआ था। विवाद की जड़ रामनवमी के दौरान हुई छेड़खानी और वर्चस्व की लड़ाई बताई जा रही है। इस दौरान ताबड़तोड़ फायरिंग और चापड़ से हमला किया गया था।
- इलाज के दौरान मौत: हमले में सन्नी की एक आंख में गोली लगी थी और सिर पर चापड़ से गहरे वार किए गए थे। कई दिनों तक मौत से लड़ने के बाद आखिरकार गुरुवार को उसने दम तोड़ दिया।
- अन्य घायल: इस घटना में नंदू लोहार नामक युवक भी घायल हुआ था, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई थी।
TMH में बवाल और प्रशासन की पहल:
सन्नी की मौत की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में परिजन और स्थानीय लोग टीएमएच पहुंचे। परिजनों ने अस्पताल का बकाया बिल माफ करने और मृतक के परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग को लेकर हंगामा शुरू कर दिया। सीतारामडेरा थाना प्रभारी आनंद मिश्रा ने मौके पर पहुंचकर परिजनों को समझाया और प्रशासन की ओर से उचित मदद का आश्वासन दिया, जिसके बाद मामला शांत हुआ।
पुलिसिया कार्रवाई:
घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने घटनास्थल से दो पिलेट और दो खोखा भी बरामद किए थे। फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी लगातार जारी है। तनाव को देखते हुए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।
“जोहार न्यूज़ टाइम्स के साथ जुड़ें और पाएं हर पल की ताज़ा, सटीक और भरोसेमंद खबरें। लेटेस्ट अपडेट्स सबसे पहले पाने के लिए हमारे प्लेटफॉर्म को अभी लाइक, सब्सक्राइब और विजिट करें।”– joharnewstimes.com









