उपायुक्त कार्यालय पर प्रदर्शन: गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों पर भड़का झामुमो, कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर की नारेबाजी।
सरायकेला, 07 मई 2026: केंद्र सरकार की कथित जनविरोधी नीतियों और आसमान छूती महंगाई के खिलाफ गुरुवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने सरायकेला उपायुक्त कार्यालय के समक्ष जोरदार शक्ति प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष डॉ. शुभेंदु महतो के नेतृत्व में आयोजित इस धरना-प्रदर्शन में जिले भर से आए झामुमो कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की नीतियों को ‘गरीब विरोधी’ करार देते हुए जमकर आक्रोश व्यक्त किया।

रसोई और रोजगार दोनों पर प्रहार: डॉ. शुभेंदु महतो
धरना को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष डॉ. शुभेंदु महतो ने केंद्र सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा, “आज घरेलू गैस से लेकर कमर्शियल सिलेंडर तक की कीमतें आम आदमी की पहुँच से बाहर हो गई हैं। केंद्र की गलत आर्थिक नीतियों ने मध्यम वर्ग की कमर तोड़ दी है और छोटे दुकानदारों, ठेला-खोमचा संचालकों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा कर दिया है।”
डॉ. महतो ने कड़े लहजे में कहा कि केंद्र सरकार केवल जुमलेबाजी और जनता का ध्यान भटकाने का काम कर रही है, जबकि हकीकत में गरीबों का चूल्हा बुझने की कगार पर है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि महंगाई पर लगाम नहीं लगी, तो झामुमो इसे एक बड़े जनआंदोलन का रूप देगी।
झारखंड के साथ सौतेला व्यवहार
वक्ताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार लगातार झारखंड के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है। राज्य के संसाधनों पर हक मारने की कोशिश की जा रही है और बदले में जनता को केवल महंगाई मिल रही है। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने “महंगाई वापस लो” और “जनविरोधी नीति बंद करो” के नारों से परिसर को गुंजायमान कर दिया।
दिग्गज नेताओं की जुटी फौज
इस महाधरना में मुख्य रूप से सरायकेला नगर चेयरमैन मनोज चौधरी, केंद्रीय सदस्य गणेश चौधरी, जिला सचिव बैद्यनाथ टुडू, जिला उपाध्यक्ष भुण्डा वेसरा, धरमु गोप, और महिला नेत्री सुशीला ताती सहित सैकड़ों वरिष्ठ पदाधिकारी और युवा नेता शामिल हुए।









