सरायकेला: रांची-महुलिया NH पर ₹214.79 करोड़ की सड़क परियोजना का भूमि पूजन, चमकेगी 126 किमी सड़क

रफ्तार भरेगी विकास की राह, ₹214 करोड़ से चमकेगा रांची-महुलिया राजमार्ग।

Johar News Times
3 Min Read

रांची-टाटा सड़क नेटवर्क को सुरक्षित, आधुनिक और मजबूत बनाने की दिशा में केंद्र सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है। राष्ट्रीय राजमार्ग खंड के रांची-महुलिया मार्ग पर 126.49 किलोमीटर के ओवरले कार्य का भूमि पूजन गुरुवार को ईचागढ़ में संपन्न हुआ। इस पूरी परियोजना की अनुमानित लागत ₹214.79 करोड़ है।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में भारत सरकार के केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ और जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो उपस्थित थे। इनके साथ ही कई स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और प्रबुद्ध नागरिक भी कार्यक्रम का हिस्सा बने।

मोदी सरकार में आधारभूत संरचना को मिली नई गति: संजय सेठ

भूमि पूजन के बाद जनसभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री संजय सेठ ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में केंद्र सरकार ने सड़क, रेल और इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य किए हैं।

“प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में विकास कार्यों को नई गति मिली है। केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी के मार्गदर्शन में आज पूरे देश में राष्ट्रीय राजमार्गों और एक्सप्रेस-वे का जाल बिछ रहा है। बेहतर सड़कें सिर्फ आवागमन ही सुगम नहीं करतीं, बल्कि व्यापार, उद्योग, पर्यटन और रोजगार के नए अवसर भी पैदा करती हैं।” — संजय सेठ, केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री

क्षेत्र के विकास का मील का पत्थर: विद्युत वरण महतो

जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो ने इस परियोजना को क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास के लिए ‘मील का पत्थर’ बताया। उन्होंने कहा कि इससे इस रूट पर चलने वाले लाखों लोगों को सीधा फायदा होगा।

परियोजना की मुख्य बातें और फायदे:

  • रांची-महुलिया NH खंड का 126.49 किलोमीटर हिस्सा।
  • ₹214.79 करोड़।
  • सड़क की ओवरलेइंग (पिचिंग), मरम्मत, लोड क्षमता बढ़ाना और सुरक्षा के आधुनिक उपाय।
  • इस सड़क के बनने से जमशेदपुर (टाटा), रांची, घाटशिला और पश्चिम बंगाल आने-जाने वाले हजारों यात्रियों को गड्ढों और खराब सड़क से राहत मिलेगी।
  • औद्योगिक बेल्ट होने के कारण इस रूट पर चलने वाले मालवाहक वाहनों की लॉजिस्टिक लागत में बड़ी कमी आएगी और दुर्घटनाओं का खतरा भी कम होगा।

कार्यक्रम के दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष हरेकृष्णा प्रधान, रांची ग्रामीण जिलाध्यक्ष विनय महतो धीरज, पूर्व जिला अध्यक्ष उदय सिंह देव, महामंत्री भूषण मुर्मू, राकेश मिश्रा, जिला मंत्री पप्पू वर्मा, उपाध्यक्ष सारथी महतो, अमितेश अमर, देवाशीष राय, अनीता पारिक, ईचागढ़ सांसद प्रतिनिधि मनोज कुमार महतो, दिवाकर सिंह, विशाल चौधरी, आकाश महतो सहित भारी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित थे।

Share This Article