लखनऊ: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश में शुक्रवार को ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत रिकॉर्ड स्तर पर पौधरोपण किया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लखनऊ के कुकरैल वन क्षेत्र से इस महाअभियान का शुभारंभ करेंगे। राज्य सरकार ने एक ही दिन में 5 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की ओर से इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर ‘उत्तर प्रदेश में जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों का समाधान’ विषय पर राज्य स्तरीय संगोष्ठी भी आयोजित होगी, जिसमें वैज्ञानिक, पर्यावरण विशेषज्ञ, शिक्षाविद और उद्योग जगत के प्रतिनिधि भाग लेंगे।
वन राज्यमंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना ने बताया कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में सभी विभागों, मंडलों और जिलों को पौधरोपण के लक्ष्य सौंपे गए हैं। अभियान के दौरान पौधरोपण महाअभियान के लोगो का अनावरण भी किया जाएगा। साथ ही विश्व बैंक के सहयोग से 2,741 करोड़ रुपये की लागत वाली भारत की पहली एयरशेड आधारित क्लीन एयर मैनेजमेंट परियोजना का भी शुभारंभ होगा। कुकरैल वन क्षेत्र में मुख्यमंत्री स्वयं पौधरोपण करेंगे, जहां 200 से अधिक पौधे लगाए जाएंगे। वहीं प्रदेश के औद्योगिक घरानों को भी इस अभियान से जोड़ा गया है। राज्यभर में विभिन्न औद्योगिक इकाइयों द्वारा लगभग 1.5 करोड़ पौधे लगाए जाएंगे।
इस बीच उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने निर्देश दिया है कि प्रदेश के सभी अमृत सरोवर स्थलों पर विश्व पर्यावरण दिवस और अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जनभागीदारी से विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। उनका कहना है कि अमृत सरोवरों को पर्यावरण संरक्षण और जनजागरूकता के प्रभावी मंच के रूप में विकसित किया जाना चाहिए। गौरतलब है कि संयुक्त राष्ट्र द्वारा 5 जून 1973 को पहला विश्व पर्यावरण दिवस मनाया गया था। तब से हर वर्ष यह दिवस पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से मनाया जाता है। इस बार उत्तर प्रदेश सरकार ने इसे जनभागीदारी के बड़े अभियान के रूप में आयोजित करने की तैयारी की है।
