पलामू जिला मुख्यालय मेदिनीनगर के निवासियों के लिए राहत भरी खबर है। अब शहरवासियों को रसोई गैस के लिए भारी-भरकम सिलेंडर और उसकी बुकिंग के लंबे इंतजार से जूझना नहीं पड़ेगा। नगर निगम बोर्ड की चौथी बैठक में घर-घर पाइपलाइन के माध्यम से गैस पहुंचाने की महत्वाकांक्षी योजना को आधिकारिक मंजूरी दे दी गई है।
भारत पेट्रोलियम बिछाएगी पाइपलाइन, मिला NOC मेयर अरुणा शंकर की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में भारत पेट्रोलियम को शहर में गैस पाइपलाइन बिछाने के लिए अनापत्ति प्रमाणपत्र जारी कर दिया गया है। मेयर ने बताया कि कंपनी ने सर्वेक्षण का काम पूरा कर लिया है। उन्होंने इसे शहर की महिलाओं के लिए एक बड़ी सौगात बताते हुए कहा कि पाइपलाइन गैस न केवल सुरक्षित है, बल्कि इससे समय और पैसे दोनों की बचत होगी।
पहले चरण में ये इलाके होंगे कवर योजना के शुरुआती चरण में शहर के तीन प्रमुख क्षेत्रों रेडमा, बारालोटा और बैरिया में पाइपलाइन बिछाई जाएगी। इसके बाद चरणबद्ध तरीके से पूरे नगर निगम क्षेत्र को इस सुविधा से जोड़ा जाएगा। स्थानीय लोगों ने इस फैसले का स्वागत किया है, क्योंकि इससे गैस सिलेंडर की ढुलाई और डिलीवरी की समस्याओं का अंत होगा।
स्वच्छता और विकास पर भी जोर बैठक में केवल गैस पाइपलाइन ही नहीं, बल्कि शहर के सर्वांगीण विकास पर भी चर्चा हुई। मेयर ने मेदिनीनगर को बड़े शहरों की तर्ज पर विकसित करने का रोडमैप पेश किया, जिसमें शुद्ध पेयजल, अत्याधुनिक पार्क और बेहतर सड़कों का निर्माण शामिल है।
डोर-टू-डोर कचरा उठाव के लिए नई एजेंसी नगर आयुक्त ने जानकारी दी कि शहर की सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए सरकार ने एक सक्षम एजेंसी को डोर-टू-डोर कचरा उठाव का जिम्मा सौंपा है। जल्द ही यह एजेंसी काम शुरू करेगी, जिससे शहर की स्वच्छता रैंकिंग में सुधार होने की उम्मीद है। डिप्टी मेयर मनोज सिंह और विभिन्न वार्ड पार्षदों ने भी जनसमस्याओं को लेकर अपने सुझाव दिए, जिन्हें सर्वसम्मति से पारित किया गया।
