तृणमूल कांग्रेस के भीतर चल रही सियासी जंग अब आर-पार के मोड़ पर पहुंच चुकी है। पार्टी की वरिष्ठ सांसद काकोली घोष दस्तीदार ने रविवार को कोलकाता से दिल्ली रवाना होने से पहले एक सनसनीखेज दावा किया है। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी के बागी खेमे में अब 20 नहीं, बल्कि 22 सांसद शामिल हो चुके हैं। दो और सांसद लगातार उनके संपर्क में हैं, जिनके नामों का खुलासा जल्द ही किया जाएगा।
बागी गुट सोमवार को लोकसभा स्पीकर ओम बिरला से मुलाकात कर संसद में ‘अलग संसदीय ब्लॉक’ के रूप में मान्यता देने की मांग करेगा।
ममता की करीबी माला राय और जून मालिया भी पहुंचीं दिल्ली
बारासात सीट से लगातार चार बार की सांसद काकोली घोष ने बताया कि पिछले कुछ वर्षों में बंगाल की राजनीतिक परिस्थितियों को लेकर पार्टी के भीतर भारी असंतोष था। इसी असहमति के कारण कई सांसद एकजुट हुए हैं। दिल्ली में बागी खेमे की सरगर्मियां तेज हो गई हैं। ममता बनर्जी की बेहद करीबी मानी जाने वालीं दक्षिण कोलकाता की वरिष्ठ सांसद माला राय और मेदिनीपुर की सांसद जून मालिया भी दिल्ली पहुंच चुकी हैं, जहां आगे की रणनीति पर बड़ी बैठक होनी है।
इन 19 सांसदों के हस्ताक्षर वाला पत्र आया सामने
शुक्रवार को ही 19 टीएमसी सांसदों के हस्ताक्षर वाला एक अहम दस्तावेज सामने आया था। इसमें लोकसभा अध्यक्ष से काकोली घोष दस्तीदार के नेतृत्व में अलग गुट को मान्यता देने की अपील की गई है। इस लिस्ट में कई दिग्गज और ग्लैमरस चेहरे शामिल हैं:
- शताब्दी रॉय, दीपक अधिकारी , यूसुफ पठान, रचना बनर्जी, सयानी घोष, जून मालिया, माला रॉय, प्रसून बनर्जी, बापी हलदर, शर्मिला सरकार, जगदीश चंद्र बर्मन बसुनिया, असित मल, अरूप चक्रवर्ती, कालीपदा सोरेन, पार्थ भौमिक, खलीकुर रहमान, अबू ताहिर खान और मिताली बाग।
केंद्र की NDA सरकार को समर्थन दे सकता है बागी गुट!
इस पूरे सियासी घटनाक्रम के बीच सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि बागी गुट ने पहले ही संकेत दे दिए हैं कि वे केंद्र की भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन सरकार का समर्थन करना चाहते हैं। अगर ऐसा होता है, तो यह पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के लिए अब तक का सबसे बड़ा राजनीतिक झटका होगा।
ममता और अभिषेक बनर्जी के साथ बचे हैं सिर्फ ये चेहरे
पार्टी के कुल सांसदों में से जो अभी भी ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी के साथ मजबूती से खड़े नजर आ रहे हैं, उनमें प्रमुख रूप से शामिल हैं:
- अभिषेक बनर्जी, कल्याण बनर्जी, सौगत रॉय, महुआ मोइत्रा, कीर्ति आजाद, शत्रुघ्न सिन्हा, प्रतिमा मंडल और सजदा अहमद।
अब देश भर की नजरें सोमवार को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और टीएमसी के बागी सांसदों के बीच होने वाली इस बेहद अहम मुलाकात पर टिकी हैं।
