प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बेंगलुरु दौरे के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में सेंधमारी का एक गंभीर मामला सामने आया है। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम स्थल से महज 3 किलोमीटर की दूरी पर फुटपाथ से जिलेटिन की छड़ें बरामद होने के बाद हड़कंप मच गया है। इस घटना ने सुरक्षा एजेंसियों और पुलिस के कान खड़े कर दिए हैं।
पुलिस के अनुसार, रविवार सुबह प्रधानमंत्री के आगमन से पहले जब सुरक्षा बल नियमित जांच कर रहे थे, तभी कागलीपुरा क्षेत्र में एक आश्रम के पास फुटपाथ किनारे दो जिलेटिन की छड़ें लावारिस हालत में मिलीं। बम निरोधक दस्ते और फॉरेंसिक टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर इलाके को सील कर दिया और विस्फोटक को अपने कब्जे में लिया।
सूत्रों के हवाले से खबर है कि पुलिस ने इस मामले में एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया है, जिससे गुप्त स्थान पर पूछताछ की जा रही है। हालांकि, पुलिस अभी किसी भी संगठित आतंकी साजिश की पुष्टि नहीं कर रही है, लेकिन पीएम की सुरक्षा से जुड़े होने के कारण हर पहलू की गहनता से जांच की जा रही है।
तमाम सुरक्षा चिंताओं के बावजूद, सुरक्षा को और कड़ा करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ‘आर्ट ऑफ लिविंग’ फाउंडेशन के 45 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित भव्य समारोह में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने श्री श्री रविशंकर की संस्था द्वारा समाज सेवा और आध्यात्म के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की।
अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा कि बेंगलुरु केवल तकनीक का ही नहीं, बल्कि भारत की सांस्कृतिक चेतना का भी केंद्र है। उन्होंने परिसर में एक नए ध्यान केंद्रका उद्घाटन करते हुए विकसित भारत के निर्माण के लिए युवाओं और आध्यात्मिक शक्ति के योगदान पर जोर दिया।
अबसे हर अपडेट के लिये जुड़े रहे — ताजा खबरों के लिये हमारे न्यूज चैनल और वेबसाइट को लाइक और सब्सक्राइब करें — joharnewstimes.com










