झारखंड लोक सेवा आयोग ने सिविल सेवा भर्ती प्रक्रिया को लेकर दो बड़े और महत्वपूर्ण अपडेट्स जारी किए हैं। आयोग ने स्पष्ट कर दिया है कि सिविल सेवा मुख्य परीक्षा आगामी 18 से 20 जुलाई तक रांची के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। इसके साथ ही, आयोग ने प्रारंभिक परीक्षा का तीसरी बार संशोधित मॉडल उत्तर भी आधिकारिक वेबसाइट पर जारी कर दिया है।
इस बार आयोग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सामान्य अध्ययन के प्रथम पत्र और द्वितीय पत्र से दो-दो प्रश्न, यानी कुल चार प्रश्नों को पूरी तरह से रद्द कर दिया है।
कुल 103 पदों के लिए हो रही है परीक्षा
इस भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से झारखंड सरकार के विभिन्न विभागों में कुल 103 पदों पर अधिकारियों की नियुक्ति की जानी है। पदों का विवरण इस प्रकार है:
- प्रशासनिक व पुलिस पद: उपसमाहर्ता के 28 पद और पुलिस उपाधीक्षक के 42 पद।
- शहरी एवं स्थानीय प्रशासन: सहायक नगर आयुक्त के 10 पद।
- गृह एवं कारा विभाग: जिला समादेष्टा के 2, प्रोबेशन पदाधिकारी के 4 और काराधीक्षक के 2 पद।
- अन्य विभाग: सहायक निदेशक सह जिला जनसंपर्क पदाधिकारी के 10, सहायक निदेशक के 3 और सहायक निबंधक के 2 पद।
तीसरी बार जारी हुआ मॉडल उत्तर, विवादों को खत्म करने की कोशिश
JPSC द्वारा मॉडल उत्तरों को लेकर लगातार समीक्षा की जा रही थी ताकि मुख्य परीक्षा से पहले किसी भी प्रकार का विवाद न बचे:
- आयोग ने सबसे पहले 21 अप्रैल को मॉडल उत्तर जारी कर 24 अप्रैल तक आपत्तियां मांगी थीं।
- विषय विशेषज्ञों की गहन समीक्षा के बाद 26 मई को संशोधित और अंतिम मॉडल उत्तर जारी हुआ।
- इसके बाद भी मिली कुछ आपत्तियों पर पुनः विचार करते हुए 19 जून को तीसरी बार संशोधित उत्तर कुंजी जारी की गई। इसमें प्रथम पत्र के मॉडल उत्तर को पहले जैसा ही रखा गया है, जबकि द्वितीय पत्र के उत्तरों में कुछ महत्वपूर्ण संशोधन किए गए हैं।
