जमशेदपुर में बिजली संकट पर जदयू सख्त, सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन की चेतावनी

Johar News Times
2 Min Read

जमशेदपुर। शहर के गैर-कंपनी क्षेत्रों और मानगो नगर निगम क्षेत्र में लगातार हो रही बिजली कटौती और लचर आपूर्ति व्यवस्था को लेकर जनता दल (यूनाइटेड) ने कड़ा रुख अपनाया है। पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल जिला अध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव के नेतृत्व में झारखंड विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (JBVNL) के महाप्रबंधक से मिला और बिजली व्यवस्था में तत्काल सुधार की मांग की।

प्रतिनिधिमंडल ने अधिकारियों को अवगत कराया कि शहर में लगातार हो रही बिजली की आंख-मिचौनी से आम जनता काफी परेशान है। जमशेदपुर जैसे श्रमिक बहुल क्षेत्र में दिनभर काम करने के बाद लोगों को घर लौटने पर अंधेरे और भीषण गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। बिजली की अनियमितता का असर छात्रों की पढ़ाई पर भी पड़ रहा है, वहीं बुजुर्गों और महिलाओं को भी गंभीर कठिनाइयों से जूझना पड़ रहा है।

- Advertisement -
Ad image

जदयू नेताओं ने कहा कि यह समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन विभाग की ओर से अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है। उन्होंने साफ चेतावनी दी कि यदि जल्द ही बिजली आपूर्ति में सुधार नहीं हुआ, तो पार्टी जनहित में व्यापक आंदोलन छेड़ेगी।

वहीं, महाप्रबंधक ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि विभाग इस समस्या को गंभीरता से ले रहा है और अगले एक-दो दिनों में बिजली आपूर्ति को सामान्य करने की दिशा में प्रयास किए जाएंगे।

इस दौरान प्रतिनिधिमंडल में युवा मोर्चा अध्यक्ष नीरज सिंह, पप्पू सिंह, अमित शर्मा, बीर सिंह देवगम, तारक मुखर्जी, मनोज सिंह, उपेंद्र सिंह, मुकेश सिंह सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Share This Article