जमशेदपुर: सीतारामडेरा थाना क्षेत्र अंतर्गत भुईयांडीह गोलचक्कर के पास गुरुवार को एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। एक अज्ञात अनियंत्रित भारी वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
लंच कर लौट रहे थे सुदीप:
मृतक की पहचान मानगो निवासी सुदीप रॉय के रूप में हुई है। सुदीप साकची स्थित लाईफ लाईन नर्सिंग होम में कर्मचारी थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुदीप दोपहर में घर से लंच करके अपनी बाइक से वापस ऑफिस जा रहे थे। इसी दौरान भुईयांडीह गोलचक्कर के समीप एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
सड़क पर उतरा जन-आक्रोश:
हादसे के बाद स्थानीय निवासियों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने भुईयांडीह मुख्य मार्ग को पूरी तरह जाम कर दिया और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। लोगों का कहना है कि यह क्षेत्र ‘एक्सीडेंट जोन’ बनता जा रहा है, लेकिन बार-बार की मांग के बावजूद तेज रफ्तार वाहनों पर लगाम लगाने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए।
प्रशासन की कार्रवाई:
सूचना मिलते ही धालभूम एसडीओ अर्नब मिश्रा और सीतारामडेरा पुलिस टीम दल-बल के साथ मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने काफी मशक्कत के बाद लोगों को समझाया और उचित सुरक्षा उपाय (स्पीड ब्रेकर और पुलिस गश्ती) सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया, जिसके बाद जाम हटाया गया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल (MGM) भेज दिया है और सुदीप के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। फिलहाल पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि टक्कर मारकर फरार हुए वाहन की पहचान की जा सके।
“जोहार न्यूज़ टाइम्स के साथ जुड़ें और पाएं हर पल की ताज़ा, सटीक और भरोसेमंद खबरें। लेटेस्ट अपडेट्स सबसे पहले पाने के लिए हमारे प्लेटफॉर्म को अभी लाइक, सब्सक्राइब और विजिट करें।”– joharnewstimes.com










