जमशेदपुर : उलीडीह ओपी क्षेत्र के आदर्शनगर स्थित एक बंद मकान में चोरों ने सेंधमारी कर जेवरात, एसी, गैस सिलेंडर समेत लाखों रुपये मूल्य की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
पीड़ित परिवार ने बताया कि उनका आदर्शनगर स्थित मकान अधिकांश समय बंद रहता है, क्योंकि परिवार साकची में निवास करता है। घटना का खुलासा तब हुआ जब पड़ोस में रहने वाली एक बच्ची ने फोन कर घर का वेंटिलेटर टूटा होने की सूचना दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे तो देखा कि घर का सामान बिखरा पड़ा है। चोरों ने अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे कीमती जेवरात चोरी कर लिए थे। इसके अलावा एसी, गैस सिलेंडर और अन्य घरेलू सामान भी गायब मिले।
घटना की सूचना उलीडीह पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है तथा चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय लोगों में दहशत और नाराजगी का माहौल है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
