जमशेदपुर स्थित लोयोला स्कूल में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए छात्र परिषद का गठन किया गया। इस अवसर पर आयोजित ‘पदाभिषेक समारोह’ में नवनिर्वाचित छात्र परिषद को विधिवत शपथ दिलाकर औपचारिक रूप से कार्यभार सौंपा गया। समारोह में विद्यालय परिसर में गरिमामय माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम की शुरुआत जुलूस के साथ हुई, जिसका नेतृत्व स्कूल प्रेसिडेंट अर्शप्रीत कौर और वाइस प्रेसिडेंट राज कृष्ण ने किया। उनके साथ प्रिंसिपल फादर विनोद फर्नांडीस, वाइस प्रिंसिपल जयंती शेषाद्री, कोऑर्डिनेटर विक्टोरिया प्रसाद सहित छात्र परिषद के अन्य सदस्य, जिनमें एसपीओ और काउंसलर भी शामिल थे, मंच तक पहुंचे।
समारोह के दौरान प्रिंसिपल फादर विनोद फर्नांडीस ने लोकतांत्रिक मूल्यों पर आधारित नेतृत्व की महत्ता पर जोर दिया। उन्होंने पारंपरिक प्रक्रिया के तहत स्कूल ध्वज सौंपते हुए प्रेसिडेंट और वाइस प्रेसिडेंट को उनके पद का बैज पहनाकर जिम्मेदारियां सौंपीं। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि सच्चा नेतृत्व दूसरों की सेवा, संस्थान की गरिमा बनाए रखने, गलतियों से सीखने और छोटे-छोटे कर्तव्यों को ईमानदारी से निभाने में निहित होता है। उन्होंने छात्रों को अपनी प्रतिभा साबित करने के लिए प्रेरित किया और भरोसा दिलाया कि सभी को समान अवसर दिए जाएंगे। साथ ही यह भी कहा कि एक सच्चा नेता हर परिस्थिति चाहे वह चुनौती हो या सफलता में अडिग रहता है।
इस मौके पर स्कूल प्रेसिडेंट अर्शप्रीत कौर ने संस्थान की समृद्ध विरासत को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता जताई। उन्होंने कहा कि समर्पण और टीम वर्क के जरिए छात्र परिषद नए मानक स्थापित करने का प्रयास करेगी।
समारोह के दौरान रोबोटिक्स क्लब के कार्यक्रम ‘टेराबॉट’ के विजेताओं की भी घोषणा की गई और उन्हें सम्मानित किया गया। पूरे आयोजन ने छात्रों में नेतृत्व, जिम्मेदारी और टीम भावना को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया।










