रांची: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा है कि भारत का युवा अब नकारात्मक राजनीति के बहकावे में आने वाला नहीं है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग देश के युवाओं को व्यवस्था-विरोधी राजनीति की ओर धकेलना चाहते हैं, लेकिन भारत का युवा देश निर्माण और अपने उज्ज्वल भविष्य के लिए काम करना चाहता है।
रांची में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नितिन नवीन ने बिना नाम लिए कुछ व्यक्तियों पर निशाना साधते हुए कहा कि विदेशों में बैठे कुछ लोग यह सोचते हैं कि वे भारत के युवाओं को दिशा देंगे, लेकिन ऐसा संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों ने युवाओं को “एंटी-एस्टेब्लिशमेंट” का नाम देकर भ्रमित करने की कोशिश की है, जबकि आज का युवा गांव, खेत, कोचिंग संस्थानों और कॉलेज परिसरों से निकलकर देश की प्रगति में योगदान देना चाहता है। नितिन नवीन ने कहा कि भारत का युवा दिल्ली या विदेश में बैठे कुछ लोगों की मुट्ठी में कठपुतली बनकर आगे नहीं बढ़ने वाला। वह सकारात्मक राजनीति के माध्यम से देश के विकास में अपनी भूमिका निभाना चाहता है।

आज रामगढ़ पहुंचे भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष, कार्यकर्ताओं ने किया भव्य स्वागत,
दो दिवसीय झारखंड दौरे के क्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन आज रविवार सुबह 7 बजे रामगढ़ पहुंचे, जहां शहीद निर्मल महतो चौक पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। ढोल-नगाड़ों, फूल-मालाओं और झारखंडी परंपरा के अनुसार पत्तों का मुकुट पहनाकर उनका अभिनंदन किया गया। सुबह से ही बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उनके स्वागत के लिए जुटे हुए थे। रामगढ़ पहुंचने के बाद नितिन नवीन ने सबसे पहले शहीद निर्मल महतो की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर सांसद मनीष जायसवाल, विधायक रोशन लाल चौधरी, जिला अध्यक्ष संजीव कुमार बावला सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। स्वागत कार्यक्रम के बाद भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत बोकारो के लिए रवाना हो गए।
