मेदिनीनगर (पलामू): पलामू जिले के पंडवा-औरंगाबाद एनएच-33 मुख्य मार्ग पर शनिवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गाड़ीखास (बढ़का भिट्ठा) के पास स्कॉर्पियो और बुलेट मोटरसाइकिल की सीधी टक्कर में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए।
मृतक की पहचान भाजपा नेता एवं सांसद विष्णु दयाल राम के करीबी ईश्वरी पांडेय के 33 वर्षीय बेटे आकाश कुमार पांडेय के रूप में हुई है। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह
मिली जानकारी के अनुसार, आकाश पांडेय रेहला स्थित ग्रासिम कंपनी में कार्यरत थे और मेदिनीनगर स्थित अपने घर से ड्यूटी के लिए निकले थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से तेज रफ्तार में आ रही स्कॉर्पियो से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए।
पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया
घटना की सूचना मिलते ही पंडवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत मेदिनीनगर मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (एमएमसीएच) भेजा। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद आकाश पांडेय को मृत घोषित कर दिया।
अस्पताल में उमड़ी भीड़
घटना की खबर फैलते ही एमएमसीएच अस्पताल में लोगों की भारी भीड़ जुट गई। परिजनों और स्थानीय लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।









