हजारीबाग: राहुल दुबे गैंग का गुर्गा हथियार के साथ गिरफ्तार, लेवी वसूली की थी तैयारी

हजारीबाग: राहुल दुबे गैंग का गुर्गा हथियार के साथ गिरफ्तार, लेवी वसूली की थी तैयारी

Johar News Times
2 Min Read

झारखंड के हजारीबाग जिले में पुलिस ने राहुल दुबे गैंग के एक गुर्गे को हथियार और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी कटकमदाग थाना क्षेत्र के बानादाग साइडिंग में लेवी वसूली और दहशत फैलाने की तैयारी में था। गिरफ्तार आरोपी की पहचान पेलावा थाना क्षेत्र के पगमील आजाद नगर निवासी जियाउल रहमान उर्फ मुजम्मिल के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार आरोपी लोहसिंघना थाना क्षेत्र के नगर निगम डंपिंग यार्ड होते हुए बानादाग कोल साइडिंग की ओर जा रहा था। इसी दौरान एसपी अमन कुमार को गुप्त सूचना मिली, जिसके आधार पर एक विशेष एसआईटी टीम का गठन किया गया। टीम ने छापेमारी कर जियाउल रहमान को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से मैगजीन लगा एक पिस्तौल, दो जिंदा कारतूस, पांच खोखा और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है। गिरफ्तार आरोपी को शनिवार को जेल भेज दिया गया।

बड़कागांव एसडीपीओ अमित आनंद ने बताया कि जियाउल रहमान का आपराधिक इतिहास रहा है। वर्ष 2025 में उसे एनडीपीएस एक्ट के तहत पेलावाल ओपी पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा था, जबकि 2024 में भी बड़ाबाजार टीओपी पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया था। पुलिस के अनुसार जेल से बाहर आने के बाद वह संगठित अपराध से जुड़े राहुल दुबे गैंग में शामिल हो गया और गैंग के लिए काम करने लगा। एसडीपीओ ने बताया कि पुलिस की आरोपी पर पहले से नजर थी। गुप्त सूचना मिली थी कि वह रोतरा गांव स्थित बानादाग साइडिंग में फायरिंग कर दहशत फैलाने और लेवी वसूली करने की योजना बना रहा है। सूचना मिलते ही एसपी के निर्देश पर गठित एसआईटी टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे दबोच लिया।

हर अपडेट के लिये जुड़े रहे — ताजा खबरों के लिये हमारे न्यूज चैनल और वेबसाइट को लाइक और सब्सक्राइब करें — joharnewstimes.com

Share This Article