देवघर: 5 महीने से लापता युवक का जंगल में मिला नरकंकाल, तीन दोस्तों पर हत्या का शक; पुलिस जांच में जुटी

देवघर: 5 महीने से लापता युवक का जंगल में मिला नरकंकाल, तीन दोस्तों पर हत्या का शक; पुलिस जांच में जुटी

Johar News Times
2 Min Read

देवघर: मधुपुर अनुमंडल क्षेत्र के बुढ़ई थाना अंतर्गत करणपुरा टोला के भीखनाडीह जंगल से 5 महीने से लापता 19 वर्षीय युवक दिलीप तुरी का नरकंकाल बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने कपड़े और घड़ी के आधार पर शव की पहचान की है।

जानकारी के अनुसार, बुधवार को जंगल में लकड़ी और पत्ता चुनने गए बच्चों और ग्रामीणों ने मिट्टी में दबा हुआ नरकंकाल देखा, जिसके बाद इसकी सूचना गांव में फैल गई और पुलिस को खबर दी गई। देर शाम पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कानूनी प्रक्रिया शुरू की और गुरुवार सुबह कंकाल को बाहर निकाला। मृतक की पहचान बुढ़ई निवासी दिलीप तुरी के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजन मौके पर पहुंचे और कपड़े व घड़ी के आधार पर पहचान की पुष्टि की। परिवार ने उसके तीन दोस्तों पर हत्या का आरोप लगाया है।

पुलिस ने इस मामले में तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही नरकंकाल को पोस्टमार्टम और डीएनए जांच के लिए देवघर सदर अस्पताल भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। पुलिस ने पंचनामा कर मामले की आगे की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Share This Article