गिरिडीह में CBI का बड़ा एक्शन: 50 हजार रिश्वत लेते CGST कमिश्नर और इंस्पेक्टर गिरफ्तार, जमशेदपुर–नालंदा में भी छापेमारी

गिरिडीह में CBI का बड़ा एक्शन: 50 हजार रिश्वत लेते CGST कमिश्नर और इंस्पेक्टर गिरफ्तार, जमशेदपुर–नालंदा में भी छापेमारी

Johar News Times
2 Min Read

गिरिडीह में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए CGST विभाग के एक कमिश्नर और एक इंस्पेक्टर को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई के बाद झारखंड के जमशेदपुर और बिहार के नालंदा में भी आरोपियों के ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की गई। गिरफ्तार अधिकारियों में सीजीएसटी कमिश्नर बुद्धेश्वर सुंडी और जीएसटी इंस्पेक्टर बिरजू कुमार शामिल हैं। CBI की धनबाद टीम ने बुधवार को गिरिडीह स्थित जीएसटी कार्यालय में जाल बिछाकर दोनों को पकड़ा।

मामला गिरिडीह के बिरनी प्रखंड के खाती गांव निवासी राजू अंसारी से जुड़ा है, जो सरकारी योजनाओं में ईंट, बालू और गिट्टी की सप्लाई का काम करते हैं। आरोप है कि जीएसटी बिल और इनवॉइस से जुड़े मामले में राहत देने के नाम पर उनसे पहले 90 हजार रुपये की मांग की गई थी, जिसे बाद में घटाकर 65 हजार रुपये कर दिया गया। इसमें 50 हजार रुपये की पहली किस्त तय की गई थी। पीड़ित ने इसकी जानकारी भाकपा-माले नेता राजेश सिन्हा को दी, जिसके बाद शिकायत CBI तक पहुंची। शिकायत के आधार पर CBI ने जाल बिछाया और जैसे ही रिश्वत की रकम इंस्पेक्टर को सौंपी गई, टीम ने मौके पर दोनों अधिकारियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के बाद CBI ने गिरिडीह जीएसटी कार्यालय में कई घंटों तक तलाशी अभियान चलाया और दस्तावेज, कंप्यूटर व अन्य रिकॉर्ड खंगाले। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस मामले में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। इसके बाद CBI की टीमों ने जमशेदपुर और नालंदा स्थित आरोपियों के आवासों पर भी छापेमारी की। दोनों अधिकारियों को आगे की पूछताछ के लिए धनबाद ले जाया गया है।

Share This Article