रांची: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से शनिवार को उनके आवास पर छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और कांग्रेस नेता अजय शर्मा ने शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच समसामयिक राजनीतिक मुद्दों के साथ-साथ आगामी राज्यसभा चुनाव को लेकर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया के माध्यम से इस मुलाकात की जानकारी साझा की।
राजनीतिक गलियारों में इस मुलाकात को महागठबंधन के भीतर समन्वय मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, बैठक के बाद झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) और कांग्रेस के बीच राज्यसभा चुनाव को लेकर चल रही तमाम अटकलों पर विराम लग गया है। अब यह लगभग तय माना जा रहा है कि महागठबंधन के दोनों प्रमुख दल एक-एक सीट पर चुनाव लड़ेंगे।

कांग्रेस ने राज्यसभा चुनाव के लिए प्रणव झा को अपना उम्मीदवार घोषित किया है, जबकि झामुमो ने पूर्व मंत्री बैद्यनाथ राम को मैदान में उतारा है। बताया जा रहा है कि प्रणव झा कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के करीबी और लंबे समय से उनके राजनीतिक सलाहकार रहे हैं। उनकी जीत सुनिश्चित करने के लिए कांग्रेस नेतृत्व सक्रिय है। इसी क्रम में पहले तेलंगाना के उपमुख्यमंत्री मल्लू भट्टी विक्रमार्क ने झारखंड का दौरा किया था, जबकि अब कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूपेश बघेल और अजय शर्मा की रांची यात्रा को भी राज्यसभा चुनाव की रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस मुलाकात ने महागठबंधन की एकजुटता का स्पष्ट संदेश दिया है।
