पश्चिमी सिंहभूम: Chaibasa के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत बड़ा लगिया के पासु बेड़ा गांव में सोमवार शाम जंगली भालू के हमले से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की पहचान पासुबेरा गांव निवासी 35 वर्षीय दामु के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार दामु खेत से काम कर घर लौट रहा था, तभी झाड़ियों से निकलकर एक भालू ने उस पर अचानक हमला कर दिया। भालू ने उसे जमीन पर गिराकर उसके दाहिने पैर को बुरी तरह नोच लिया। उसकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और शोर मचाकर किसी तरह भालू को भगाया।
घटना की सूचना तुरंत वन विभाग और पुलिस को दी गई। घायल को 108 एंबुलेंस से सदर अस्पताल, चाईबासा लाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। चिकित्सकों के मुताबिक उसके दाहिने पैर में गहरे जख्म हैं और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
घटना के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। विभाग ने लोगों से जंगल की ओर अकेले न जाने की अपील की है और घायल के इलाज व मुआवजे की प्रक्रिया शुरू करने की बात कही है। इस घटना के बाद पासु बेड़ा गांव और आसपास के क्षेत्रों में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से भालू को जल्द पकड़ने की मांग की है।









