जोरहाट: असम के जोरहाट स्थित रौरिया एयरबेस पर शनिवार सुबह भारतीय वायुसेना का एक AN-32 मालवाहक विमान लैंडिंग के दौरान हादसे का शिकार हो गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार विमान के उतरने के दौरान तकनीकी समस्या उत्पन्न हुई, जिसके बाद उसमें आग लग गई। घटना के बाद एयरबेस पर अफरा-तफरी मच गई। सूत्रों के मुताबिक विमान नियमित उड़ान पर था और एयरबेस पर उतरने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान वह निर्धारित लैंडिंग स्ट्रिप पर सुरक्षित रूप से नहीं उतर सका। बताया जा रहा है कि लैंडिंग के समय जोरदार धमाके के साथ विमान में आग लग गई। हादसे में पायलट के हताहत होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही एयरबेस पर मौजूद फायर ब्रिगेड और आपातकालीन बचाव दल मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। विमान में सवार चालक दल और अन्य कर्मियों की स्थिति को लेकर फिलहाल आधिकारिक जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।

भारतीय वायुसेना ने संक्षिप्त बयान जारी कर कहा है कि जोरहाट में AN-32 विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ है और मामले से जुड़ी विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है। वायुसेना ने हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है। AN-32 भारतीय वायुसेना का प्रमुख परिवहन विमान है,l जिसका उपयोग सैनिकों, सैन्य उपकरणों और आवश्यक सामग्री की ढुलाई के लिए किया जाता है। हादसे के बाद पूरे घटनाक्रम पर वायुसेना और रक्षा प्रतिष्ठान की नजर बनी हुई है।
