गोड्डा: नगर थाना क्षेत्र स्थित लाइफ केयर अस्पताल में इलाज के दौरान एक बच्चे की मौत के बाद परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने गोड्डा-भागलपुर मुख्य मार्ग जाम कर अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ प्रदर्शन किया। मृतक की पहचान घटियारी निवासी विवेक कुमार के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, विवेक 30 मई से बीमार था। पहले उसका इलाज संजीवनी अस्पताल में कराया गया, लेकिन स्वास्थ्य में सुधार नहीं होने पर उसे एक निजी क्लीनिक के माध्यम से लाइफ केयर अस्पताल में भर्ती कराया गया।

परिवार का आरोप है कि अस्पताल में सुई दिए जाने के करीब एक घंटे बाद बच्चे की तबीयत अचानक बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई।
हालांकि अस्पताल प्रबंधन ने लापरवाही के आरोपों से इनकार किया है। अस्पताल संचालक हरि किशोर कुमार ने बताया कि बच्चा पहले से मलेरिया, टाइफाइड और लो ब्लड प्रेशर जैसी गंभीर बीमारियों से पीड़ित था। उनके अनुसार डॉक्टर की सलाह के अनुरूप ही दवाएं और इंजेक्शन दिए गए थे। संबंधित चिकित्सक ने भी दावा किया कि बच्चे की हालत अत्यंत गंभीर थी और उसे बेहतर उपचार के लिए भागलपुर रेफर किया गया था। डॉक्टरों का कहना है कि मौत बीमारी की गंभीरता के कारण हुई, न कि किसी दवा या इंजेक्शन के प्रभाव से। वहीं परिजनों ने अस्पताल में ऑक्सीजन और चिकित्सकीय सुविधाओं की उपलब्धता पर भी सवाल उठाए हैं।

घटना से नाराज परिजनों ने सड़क जाम कर निष्पक्ष जांच की मांग की। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया। परिजनों ने चेतावनी दी है कि यदि जांच में अस्पताल की लापरवाही साबित होती है तो उसका लाइसेंस रद्द किया जाना चाहिए। मृतक के पिता, जो झारखंड पुलिस में कार्यरत हैं, ने इसे स्वास्थ्य व्यवस्था की बड़ी विफलता बताते हुए कहा कि वह पहले अपनी पत्नी और अब अपने इकलौते बेटे को खो चुके हैं।
