पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर थाना क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। ग्राम पकुआबेड़ा में चल रहे अवैध देशी शराब निर्माण के खिलाफ उत्पाद विभाग और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर भारी मात्रा में कच्चा माल और तैयार शराब जब्त की।
अभियान के दौरान टीम को मौके से करीब 3200 किलो जावा महुआ बरामद हुआ, जिसका उपयोग अवैध शराब बनाने में किया जा रहा था। इसके साथ ही लगभग 60 लीटर तैयार चुलाई शराब भी जब्त की गई। अधिकारियों के अनुसार, बरामद सामग्री को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया, ताकि इसका दोबारा उपयोग न हो सके।
6 अवैध भट्टियां ध्वस्त
छापेमारी के दौरान नदी किनारे संचालित हो रही 6 अवैध चुलाई भट्टियों को भी पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया। प्रशासन का कहना है कि ये भट्टियां लंबे समय से सक्रिय थीं और स्थानीय स्तर पर अवैध शराब के कारोबार को बढ़ावा दे रही थीं।
लगातार जारी रहेगा अभियान
उत्पाद विभाग और पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। ऐसे कारोबार में संलिप्त लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
लोगों से सहयोग की अपील
प्रशासन ने आम लोगों से भी सहयोग की अपील की है। अधिकारियों ने कहा कि यदि कहीं अवैध शराब निर्माण या बिक्री की सूचना मिलती है, तो तुरंत प्रशासन को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है, वहीं प्रशासन की सख्ती से ऐसे नेटवर्क पर लगाम कसने की उम्मीद जताई जा रही है।














