झारखंड के खूंटी नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड 12 स्थित खूंटी टोली में सोमवार देर रात भीषण आग लगने से एक मकान के छह कमरे पूरी तरह जलकर राख हो गए। इस हादसे में लाखों रुपये की संपत्ति नष्ट हो गई, हालांकि राहत की बात यह रही कि कोई जनहानि नहीं हुई। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।
घटना रात करीब साढ़े दस बजे की है। अचानक लगी आग ने देखते ही देखते पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि घर के छह कमरे पूरी तरह नष्ट हो गए।
सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने अग्निशमन विभाग को खबर दी। मौके पर पहुंची दमकल टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और समय रहते उसे आसपास के घरों तक फैलने से रोक लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
बताया जा रहा है कि मकान मालिक सहदेव महतो ने घर किराए पर दे रखा था, जहां कई परिवार रह रहे थे। आगजनी में किरायेदारों को भारी नुकसान उठाना पड़ा। किरायेदार मुनिया देवी ने बताया कि उनकी करीब 10 लाख रुपये की संपत्ति, जिसमें शादी के लिए खरीदे गए गहने, नकदी और जरूरी सामान शामिल थे, जलकर नष्ट हो गई। वहीं, एक अन्य किरायेदार राजलो डुंगडुंग के अनुसार, समोसा और गुलगुला बेचकर जमा की गई उनकी पूरी पूंजी, जमीन के कागजात और घरेलू सामान भी आग में जल गए।
घटना के बाद क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल है। वार्ड सदस्य अनिल कच्छप ने बताया कि पीड़ितों को आपदा प्रबंधन विभाग के तहत मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। वहीं, झामुमो छात्र मोर्चा के जिलाध्यक्ष कमलेश महतो ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच और शीघ्र सहायता की मांग की है।









