पश्चिम बंगाल चुनाव परिणाम के बाद भड़की हिंसा की आंच अब झारखंड की सीमा तक पहुंच गई है। धनबाद के मैथन से सटे लेफ्ट बैंक इलाके में स्थित तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) कार्यालय के बाहर सोमवार देर शाम नकाबपोश हमलावरों ने फायरिंग और आगजनी की घटना को अंजाम दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हमलावरों ने टीएमसी कार्यालय के सामने तीन से चार राउंड फायरिंग की। इसके साथ ही कार्यालय में तोड़फोड़ करते हुए आगजनी भी की गई। घटना की सूचना मिलते ही कल्याणेश्वरी फाड़ी की पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक सभी हमलावर फरार हो चुके थे। पुलिस ने घटनास्थल से दो खोखा बरामद किया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
इस घटना को लेकर तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने भाजपा समर्थकों पर फायरिंग और तोड़फोड़ करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद टीएमसी कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।
स्थिति को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। टीएमसी कार्यालय के आसपास अतिरिक्त बल तैनात कर दिया गया है और लगातार निगरानी रखी जा रही है। किसी भी संभावित तनाव को देखते हुए केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवानों ने इलाके में फ्लैग मार्च भी किया।
उल्लेखनीय है कि सोमवार को पश्चिम बंगाल चुनाव परिणाम घोषित होते ही राज्य के कई हिस्सों में हिंसा, तोड़फोड़ और आगजनी की घटनाएं सामने आई हैं। हालांकि पुलिस प्रशासन सतर्क है और किसी भी तरह के टकराव को रोकने के लिए पूरी तैयारी की गई है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद उपजी परिस्थितियों के कारण कार्यकर्ताओं में तनाव की स्थिति बनी हुई है।









