जमशेदपुर: यात्री ट्रेनों की लगातार लेटलतीफी के खिलाफ रेल यात्री संघर्ष समिति ने अपने आंदोलन को और अधिक उग्र और व्यापक बनाने का निर्णय लिया है। अभी तक चक्रधरपुर मंडल की ट्रेनों पर केंद्रित यह आंदोलन अब खड़गपुर मंडल तक फैल गया है। जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय के बारीडीह स्थित कार्यालय में हुई समिति की बैठक में यह फैसला लिया गया कि अब विलंब से चलने वाली खड़गपुर मंडल की ट्रेनों के खिलाफ भी मोर्चा खोला जाएगा।

जमशेदपुर में चलेगा हस्ताक्षर अभियान का महाअभियान
समिति के संयोजक शिवशंकर सिंह ने आंदोलन की आगामी रणनीति साझा करते हुए बताया कि जमशेदपुर के विभिन्न क्षेत्रों में जनसमर्थन जुटाने के लिए हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा:
- 17 मई: साकची गोलचक्कर
- 18 मई: स्टार टॉकीज के पास
- 19 मई: मानगो (एमजीएम अस्पताल के समीप)
- 24 मई: घाटशिला
“हम आंदोलनजीवी नहीं, जनहित के प्रहरी हैं” : सरयू राय
बैठक को संबोधित करते हुए विधायक सरयू राय ने स्पष्ट किया कि यह आंदोलन किसी राजनीतिक स्वार्थ के लिए नहीं, बल्कि जनता की परेशानी को देखते हुए किया जा रहा है। उन्होंने डेटा पेश करते हुए बताया कि कई ट्रेनें चांडिल तक समय पर आती हैं, लेकिन टाटानगर पहुँचते-पहुँचते घंटों लेट हो जाती हैं। यहाँ तक कि हाई-प्रोफाइल वंदे भारत एक्सप्रेस भी विलंब का शिकार हो रही है। उन्होंने कहा कि रेलवे के झूठ का भंडाफोड़ हो रहा है, जिससे रेलवे बोर्ड की प्रतिष्ठा दांव पर है।
इंफ्रास्ट्रक्चर की कमी बनी मुसीबत
सरयू राय ने केंद्र सरकार द्वारा रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर बढ़ाए जाने की सराहना की, लेकिन स्थानीय स्तर पर खामियों को उजागर किया। उन्होंने बताया कि देशभर में लाइनें बिछीं, लेकिन आदित्यपुर से सलगाजुड़ी तक तीसरी लाइन का काम अभी तक पूरा नहीं हुआ है। इसे बनाने में अभी कम से कम 8 से 9 महीने लगेंगे, तब तक यात्रियों को यह कष्ट सहना होगा।
मुख्यमंत्री तक पहुँची आंदोलन की गूंज
जेडीयू जिलाध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव ने बताया कि आंदोलन का असर इतना व्यापक है कि झारखंड के मुख्यमंत्री ने भी इस पर संज्ञान लिया है और रेल मंत्री को ट्वीट कर ट्रेनों की लेटलतीफी पर चिंता जताई है। वहीं आजसू जिलाध्यक्ष कन्हैया सिंह ने रेलवे के आंकड़ों को भ्रामक बताते हुए कहा कि जनता रेलवे के जवाबों से संतुष्ट नहीं है।
बैठक में जेडीयू नेता आफताब अहमद सिद्दिकी, सतीश सिंह, मुकेश मित्तल, कौशल किशोर और करण सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे, जिन्होंने एक स्वर में इस लड़ाई को निर्णायक मोड़ तक ले जाने का संकल्प लिया।
हर अपडेट के लिए जुड़े रहें — हमारे न्यूज चैनल और वेबसाइट पोर्टल को लाइक और सब्सक्राइब करें – joharnewstimes.com










