जमशेदपुर के धतकीडीह में दिनदहाड़े फायरिंग: गामा होटल के पास हथियार लहराकर फैलाई दहशत, दो आरोपी गिरफ्तार

Johar News Times
2 Min Read

जमशेदपुर: बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के धतकीडीह स्थित कुरैशी मोहल्ला रविवार दोपहर गोलियों की तड़तड़ाहट से थर्रा उठा। गामा होटल के पास कुछ युवकों ने अचानक हथियार लहराते हुए हवाई फायरिंग कर दी, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद बाजार में भगदड़ मच गई और दुकानदारों ने डर के मारे शटर गिरा दिए।

दबदबा कायम करने के लिए की फायरिंग! बताया जा रहा है कि कुछ युवक अचानक होटल के पास पहुंचे और क्षेत्र में खौफ पैदा करने के उद्देश्य से हथियार चमकाने लगे। इसी बीच एक राउंड हवाई फायरिंग की गई। घटना की सूचना मिलते ही बिष्टुपुर पुलिस एक्शन मोड में आई और इलाके की घेराबंदी कर दी। घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच के आधार पर पुलिस ने संदिग्धों की पहचान की।

- Advertisement -
Ad image

पुलिस की त्वरित कार्रवाई, दो हिरासत में पुलिस ने छापेमारी करते हुए मामले में त्वरित कार्रवाई की और दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। उनके पास से घटना में प्रयुक्त हथियार भी बरामद किए जाने की सूचना है। सूत्रों के मुताबिक, इस घटना के पीछे ‘गोरा’ नामक अपराधी का हाथ होने की बात सामने आ रही है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश में कपाली क्षेत्र समेत कई संभावित ठिकानों पर दबिश दी है।

इलाके में पुलिस का पहरा इस फायरिंग के पीछे रंगदारी या आपसी रंजिश की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस अभी आधिकारिक पुष्टि का इंतजार कर रही है। भीड़भाड़ वाले इलाके में हुई इस घटना ने स्थानीय सुरक्षा व्यवस्था पर सवालिया निशान लगा दिए हैं। फिलहाल, सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने पूरे इलाके में गश्त बढ़ा दी है और पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।


हर अपडेट के लिए जुड़े रहें — हमारे न्यूज़ चैनल और वेबसाइट पोर्टल को लाइक और सब्सक्राइब करें – joharnewstimes.com

- Advertisement -
Ad image
Share This Article