सरायकेला नगर क्षेत्र में भीषण गर्मी के बीच गहराते पेयजल संकट को देखते हुए प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने मौजूदा जलापूर्ति व्यवस्था को नगर पंचायत के अधीन करने का निर्देश जारी किया है।
फिलहाल जलापूर्ति व्यवस्था के प्रभावित होने के कारण आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नगर पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के व्यापक कार्यक्षेत्र और कमजोर निगरानी के कारण आपूर्ति व्यवस्था चरमराई है, जिसे अब और बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
अध्यक्ष ने झारखंड नगर पंचायत अधिनियम के तहत दिए गए अधिकारों का प्रयोग करते हुए निर्देश दिया है कि पेयजल आपूर्ति का संचालन तत्काल प्रभाव से नगर पंचायत को सौंपा जाए। इसके लिए कार्यपालक पदाधिकारी को निर्देश दिया गया है कि वे विभागीय कार्यपालक अभियंता के साथ समन्वय कर सात दिनों के भीतर हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी करें।
उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी है कि निर्धारित समय सीमा में कार्य पूरा नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी और उनके खिलाफ प्रशासनिक कार्रवाई की अनुशंसा की जाएगी।
नगर पंचायत ने इस पूरे मामले की दैनिक निगरानी शुरू कर दी है, ताकि जल्द से जल्द लोगों को राहत मिल सके और पेयजल संकट से निजात दिलाई जा सके।









