कोडरमा में मैट्रिक रिजल्ट गिरा, 40 स्कूलों से जवाब तलब; टॉपर देने वाला स्कूल भी दायरे में

कोडरमा में मैट्रिक रिजल्ट गिरा, 40 स्कूलों से जवाब तलब; टॉपर देने वाला स्कूल भी दायरे में

Johar News Times
3 Min Read

कोडरमा जिले में मैट्रिक परीक्षा 2026 का परिणाम गिरने के बाद शिक्षा विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। पिछले वर्ष राज्य में पहले स्थान पर रहने वाला कोडरमा इस बार सीधे 20वें स्थान पर पहुंच गया, जिससे विभाग की कार्यशैली और चल रही योजनाओं पर सवाल खड़े हो गए हैं।

जिला शिक्षा पदाधिकारी अविनाश राम ने 40 स्कूलों के प्राचार्य, प्रभारी प्राचार्य और संबंधित विषयों के शिक्षकों से दो दिनों के भीतर स्पष्टीकरण मांगा है। पत्र में कहा गया है कि कई बार बैठक और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए 100% परिणाम हासिल करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन इसके बावजूद लापरवाही बरती गई।

- Advertisement -
Ad image

इस वर्ष जिले का कुल परिणाम 93.86% रहा, जो राज्य औसत से कम है। कुल 12,214 छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल हुए थे, जिनमें से 11,465 पास और 749 फेल हुए। पास होने वालों में 6196 प्रथम श्रेणी, 4513 द्वितीय श्रेणी और 756 तृतीय श्रेणी में सफल रहे।

चौंकाने वाली बात यह है कि जिला टॉपर देने वाला स्कूल भी विभाग की कार्रवाई के दायरे में है।जयनगर स्थित उत्क्रमित उच्च विद्यालय सोनपुरा की छात्रा राजनंदिनी ने जिला टॉप किया, जबकि रानी दूसरे स्थान पर रहीं। बावजूद इसके, इसी स्कूल के 130 विद्यार्थियों में से दो फेल हो गए, जिस कारण संबंधित प्रधानाध्यापक और शिक्षक से जवाब मांगा गया है।

जानकारी के अनुसार, कुछ स्कूलों में केवल 1-2 छात्र असफल हुए हैं, जबकि कुछ विद्यालयों में 25 से 28 तक विद्यार्थी फेल हुए हैं। जिन स्कूलों से स्पष्टीकरण मांगा गया है, उनमें सीएच प्लस टू विद्यालय झुमरीतिलैया, गांधी उच्च विद्यालय झुमरीतिलैया, राजकीयकृत उच्च विद्यालय कोडरमा, पीएम श्री बालिका प्लस टू उच्च विद्यालय, गझंडी, खरकोटा, इंदरवा देहाती, पथलडीहा, डुमरडीहा, मेघातरी, कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय, मरकच्चो, देवीपुर, जगदीशपुर, अम्बाडीह, सिमरिया, योगीडीह, बासोडीह, मीरगंज, पोखरडीहा, राजाबर, पचाने, ढाब, बच्छेडीह, लक्ष्मीपुर, जानपुर, मसमोहना, बेहराडीह, ढुब्बा, चंदवारा, जयपुर कांको, उरवां, जौंगी, विरसोडीह, हरणो, बेंदी, गोदखर और सोनपुरा सहित अन्य विद्यालय शामिल हैं।

शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि यदि संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो संबंधित अधिकारियों और शिक्षकों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

- Advertisement -
Ad image
Share This Article