रांची, आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के प्रभावी क्रियान्वयन में झारखंड ने देशभर में पहला स्थान हासिल कर बड़ी उपलब्धि दर्ज की है। बड़े राज्यों की श्रेणी में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए राज्य को पुणे में आयोजित दो दिवसीय (17-18 अप्रैल) चिंतन शिविर में सम्मानित किया गया। यह सम्मान गुणवत्ता पूर्ण दावों के निष्पादन, पारदर्शिता और बेहतर स्वास्थ्य प्रबंधन के लिए दिया गया।
आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत झारखंड की इस सफलता ने अन्य राज्यों के लिए एक मिसाल कायम की है। खास बात यह है कि सदर अस्पताल रांची इस योजना के क्रियान्वयन में देशभर में नंबर-वन बनकर उभरा है और अब एक रोल मॉडल के रूप में देखा जा रहा है।
इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि यह सफलता राज्य के स्वास्थ्यकर्मियों की मेहनत, प्रतिबद्धता और टीमवर्क का परिणाम है। उन्होंने विशेष रूप से सदर अस्पताल रांची की सराहना करते हुए इसे राष्ट्रीय स्तर पर आदर्श मॉडल बताया।
वहीं, स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने कहा कि यह उपलब्धि पूरे राज्य के लिए गर्व की बात है और यह बेहतर स्वास्थ्य व्यवस्था, पारदर्शिता और समन्वित प्रयासों का नतीजा है। उन्होंने झारखंड राज्य आरोग्य सोसाइटी की टीम, डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों को बधाई दी।
चिंतन शिविर में झारखंड का प्रतिनिधित्व करते हुए छवि रंजन, सीमा सिंह, वैभव राय, डॉ. अखिलेश कुमार झा और आशीष रंजन ने यह सम्मान प्राप्त किया।
इस उपलब्धि से न केवल झारखंड का मान बढ़ा है, बल्कि स्वास्थ्य सेवाओं में कार्यरत कर्मियों का मनोबल भी बढ़ा है और राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को नई पहचान मिली है।










