जमशेदपुर, शहर के न्यायिक क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। प्रताप नारायण गोप उर्फ पीएन गोप बाबू का शनिवार सुबह निधन हो गया। 85 वर्षीय गोप बाबू ने बारीडीह स्थित मर्सी अस्पताल में इलाज के दौरान अंतिम सांस ली।
जानकारी के अनुसार, उनका अंतिम संस्कार रविवार पूर्वाह्न 11 बजे बिष्टुपुर सर्किट हाउस क्षेत्र स्थित बेलडीह कब्रिस्तान में किया जाएगा।
जमशेदपुर डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के वरिष्ठ अधिवक्ताओं के अनुसार, गोप बाबू ने लगभग 13 वर्षों तक लोक अभियोजक के पद पर सेवा दी। वे पिछले 57 वर्षों से जमशेदपुर में वकालत कर रहे थे और फौजदारी के साथ-साथ दीवानी मामलों के भी विशेषज्ञ माने जाते थे।
वे सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय थे और बिरसा सेवा दल सहित कई संस्थाओं से जुड़े रहे, जो अनुसूचित जनजाति, जाति एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए कार्य करती हैं।
परिवार में उनके पीछे बहू और पौत्र हैं। उनकी पत्नी और दो पुत्रों का निधन पहले ही हो चुका था।
गोप बाबू के निधन पर झारखंड बार काउंसिल के उपाध्यक्ष राजेश कुमार शुक्ल, बार एसोसिएशन अध्यक्ष आर. नाथ दास, सचिव राजेश रंजन सहित कई अधिवक्ताओं और न्यायिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने गहरा शोक व्यक्त किया है।
वहीं अधिवक्ता अक्षय झा ने बताया कि दिवंगत आत्मा की श्रद्धांजलि में 20 अप्रैल को सभी अधिवक्ता द्वितीय पाली में न्यायिक कार्य से अलग रहेंगे।
जमशेदपुर जिला बार संघ के पदाधिकारियों और सदस्यों ने भी दिवंगत वरिष्ठ अधिवक्ता को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की है।










