चाईबासा/छोटानागरा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के अति नक्सल प्रभावित सारंडा जंगल में बुधवार को सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई है। चाईबासा के एसपी अमित रेणु ने इस मुठभेड़ की आधिकारिक पुष्टि कर दी है। यह मुठभेड़ छोटानागरा थानाक्षेत्र के बलिबा और चडराडेरा के बीच घने जंगलों में हुई है।
रुक-रुक कर जारी है फायरिंग
ताज़ा जानकारी के अनुसार, जंगल में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच अब भी रुक-रुक कर फायरिंग हो रही है। जवानों ने नक्सलियों की घेराबंदी कर रखी है और पूरे इलाके में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। एसपी अमित रेणु ने बताया कि ऑपरेशन खत्म होने के बाद ही विस्तार से जानकारी साझा की जाएगी कि सुरक्षाबलों को क्या-क्या सफलता हाथ लगी है।
नक्सलियों के मारे जाने की सूचना, कोबरा जवान घायल
विश्वस्त सूत्रों के अनुसार, सुरक्षाबलों की जवाबी कार्रवाई में कुछ नक्सलियों के मारे जाने की सूचना मिल रही है, हालांकि उनके शव बरामद होने की पुष्टि सर्च ऑपरेशन के बाद ही हो पाएगी। इस मुठभेड़ में कोबरा (CoBRA) बटालियन का एक जवान घायल हुआ है। घायल जवान की स्थिति को देखते हुए उसे तत्काल बेहतर इलाज के लिए एयरलिफ्ट करने की तैयारी की जा रही है।
जंगल में सर्च ऑपरेशन तेज
घटनास्थल पर अतिरिक्त बल भेज दिया गया है। सुरक्षाबल बेहद सावधानी से आगे बढ़ रहे हैं क्योंकि यह इलाका भौगोलिक रूप से काफी कठिन और नक्सलियों का गढ़ माना जाता है। पुलिस मुख्यालय पूरे घटनाक्रम पर पैनी नज़र बनाए हुए है।
जोहार न्यूज़ टाइम्स की टीम चाईबासा पुलिस के संपर्क में है। ताज़ा अपडेट्स के लिए हमारे साथ बने रहें। joharnewstimes.com

















