जमशेदपुर: डोबो पुल पर रहस्यमय सन्नाटा, लावारिस स्कूटी-मोबाइल छोड़ लापता हुआ युवक; अनहोनी की आशंका

Johar News Times
3 Min Read

जमशेदपुर: लौहनगरी के डोबो पुल पर मंगलवार देर रात एक युवक के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। मौके से युवक की स्कूटी, मोबाइल और चाबी बरामद हुई है, जिससे परिजन किसी बड़ी अनहोनी की आशंका जता रहे हैं।

मध्य रात्रि में मिली लावारिस स्कूटी

लापता युवक की पहचान परसूडीह के गोलपहाड़ी निवासी अविनाश कुमार (26 वर्ष) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, अविनाश मंगलवार शाम करीब 5 बजे घर से निकला था। रात करीब 11 बजे जब वह वापस नहीं लौटा, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। डोबो पुल पहुँचने पर परिजनों को उसकी प्लेजर स्कूटी, मोबाइल और चाबी पुल के ऊपर ही लावारिस हालत में मिली।

- Advertisement -
Ad image

नदी में छलांग लगाने की आशंका

चीजों के लावारिस मिलने के बाद परिजनों को डर है कि अविनाश ने स्वर्णरेखा नदी में छलांग लगा दी है। रात के अंधेरे में ही परिजन और स्थानीय लोग टॉर्च की रोशनी में नदी किनारे तलाश करते रहे, लेकिन कुछ पता नहीं चल सका। अंधेरा अधिक होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी बाधा आई।

पारिवारिक विवाद और तनाव की बात आई सामने

परिजनों ने बताया कि अविनाश पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में था। वह अपनी पत्नी के साथ गोविंदपुर में किराए के मकान में रहता था, लेकिन पिछले कुछ समय से दोनों के बीच पारिवारिक विवाद चल रहा था। घर से निकलने से पहले उसने अपनी माँ को ₹5000 दिए थे और जल्द वापस आने का वादा किया था। अविनाश का एक छोटा बेटा भी है।

पुलिस की जांच शुरू

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह साफ नहीं है कि अविनाश ने खुदकुशी का कदम उठाया है या वह कहीं और लापता हो गया है। पुलिस स्वर्णरेखा नदी में सर्च ऑपरेशन चलाने की तैयारी कर रही है और युवक की कॉल डिटेल्स भी खंगाली जा रही हैं।


जोहार न्यूज़ टाइम्स के साथ जुड़ें और हर पल की ताज़ा, सटीक खबरों के लिए हमारे पोर्टल पर विजिट करें। joharnewstimes.com

- Advertisement -
Ad image

Share This Article