कोयलांचल धनबाद में लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ करने वाले एक बड़े रैकेट का भंडाफोड़ हुआ है। धनसार थाना क्षेत्र के भूदा स्थित गुरुनानक कॉलेज के पास चल रहे एक गोदाम में पुलिस और एक नामी नमक कंपनी के प्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से छापेमारी की। यहाँ कथित तौर पर साधारण नमक को नामी और ब्रांडेड कंपनी के रैपर में पैक कर बाजार में धड़ल्ले से बेचने का अवैध धंधा चल रहा था।
इस छापेमारी के दौरान मौके से भारी मात्रा में खुला साधारण नमक, नामी ब्रांडेड कंपनी के प्रिंटेड खाली रैपर, तैयार पैकेट और पैकिंग में इस्तेमाल होने वाली आधुनिक मशीनें बरामद की गई हैं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गोदाम संचालक शुभम अग्रवाल को हिरासत में ले लिया है।
साधारण नमक को ‘ब्रांडेड’ बनाकर बेचने का गंदा खेल
शुरुआती जांच और मौके के हालातों से साफ हुआ है कि बेहद कम दाम में मिलने वाले साधारण नमक को मंगाकर, उसे हुबहू असली दिखने वाले नामी कंपनी के नकली पैकेटों में भरा जा रहा था। इसके बाद इसे बाजार में असली ब्रांडेड नमक की कीमत (MRP) पर सप्लाई किया जा रहा था।
कंपनी को लगातार बाजार से अपने ब्रांड के नकली पैकेट बिकने की शिकायतें मिल रही थीं। इसके बाद कंपनी के प्रतिनिधि अंजन कुमार ने स्थानीय पुलिस से संपर्क साधा और गुप्त सूचना के आधार पर इस मिनी फैक्ट्री पर धावा बोल दिया।
सप्लाई चेन और मददगारों की तलाश में जुटी पुलिस
धनसार थाना पुलिस ने नमक कंपनी की लिखित शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। हिरासत में लिए गए संचालक शुभम अग्रवाल से कड़ाई से पूछताछ की जा रही है।
जांच एजेंसियां अब इस बात का पता लगाने में जुटी हैं कि यह अवैध कारोबार कब से चल रहा था, नकली रैपर कहाँ से छपकर आते थे और धनबाद व आसपास के किन-किन थोक और खुदरा बाजारों में इस नकली नमक की सप्लाई की जा चुकी है। पुलिस इस रैकेट में शामिल अन्य सफेदपोशों और मददगारों की भूमिका की भी गहराई से पड़ताल कर रही है।
