रिम्स निदेशक विवाद: इस्तीफे के 24 घंटे के भीतर बेटे संग लखनऊ रवाना हुए डॉ. राजकुमार, सरकारी आवास भी किया खाली

"विवादों के बीच इस्तीफा: रिम्स छोड़ बेटे संग लखनऊ लौटे डॉ. राजकुमार, डॉ. डी.के. सिन्हा ने संभाली कमान।"

Johar News Times
2 Min Read

रांची: राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान के निदेशक पद से अचानक इस्तीफा देने के ठीक अगले ही दिन डॉ. राजकुमार शुक्रवार को रांची छोड़कर अपने गृह राज्य उत्तर प्रदेश के लिए रवाना हो गए। रांची से विदा होने से पहले उन्होंने रिम्स में अपनी सभी प्रशासनिक जिम्मेदारियों को औपचारिक रूप से पूरा किया।

वीडियोग्राफी के बीच सौंपी आवास की चाबी

शुक्रवार सुबह डॉ. राजकुमार सीधे निदेशक कार्यालय पहुंचे। वहां उन्होंने रिम्स के नए प्रभारी निदेशक डॉ. दीपेंद्र कुमार सिन्हा (डॉ. डी.के. सिन्हा) को आधिकारिक रूप से पद का सारा कार्यभार सौंप दिया। इसके बाद उन्होंने अपने सरकारी आवास को खाली किया और उसकी चाबी संबंधित अधिकारियों को सौंप दी। पारदर्शिता बनाए रखने के लिए इस पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई गई।

बेटे की नियुक्ति का विवाद और रवानगी

डॉ. राजकुमार अपने साथ अपने बेटे को भी लखनऊ ले गए हैं। बता दें कि हाल ही में रिम्स में उनके बेटे की ट्यूटर पद पर हुई नियुक्ति भारी विवादों में रही थी। सूत्रों के अनुसार, यह संभावना जताई जा रही है कि डॉ. राजकुमार जल्द ही अपने बेटे से भी रिम्स के ट्यूटर पद से इस्तीफा दिला सकते हैं।

स्वास्थ्य मंत्री को सौंपा था इस्तीफा, डॉ. सिन्हा बने नए कप्तान

गौरतलब है कि गुरुवार को डॉ. राजकुमार ने स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी से मुलाकात कर अपना इस्तीफा सौंप दिया था, जिसे स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग ने तत्काल प्रभाव से स्वीकार कर लिया। इसके तुरंत बाद विभाग ने अधिसूचना जारी कर रिम्स के सर्जरी विभाग के प्राध्यापक डॉ. डी.के. सिन्हा को अगले आदेश तक कार्यवाहक निदेशक का प्रभार सौंप दिया है। अब रिम्स की कमान पूरी तरह से डॉ. सिन्हा के हाथों में है।

Share This Article