देवघर सदर अस्पताल में सड़क दुर्घटना में घायल एक मरीज को कथित तौर पर एक्सपायर्ड स्लाइन चढ़ाए जाने का मामला सामने आने के बाद अस्पताल प्रशासन हरकत में आ गया है। मामले को गंभीर लापरवाही मानते हुए अस्पताल अधीक्षक डॉ. सुषमा वर्मा ने वार्ड इंचार्ज समेत ड्यूटी पर तैनात संबंधित स्वास्थ्यकर्मियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। अस्पताल प्रशासन ने संबंधित कर्मियों से पूछा है कि एक्सपायर्ड स्लाइन मरीज तक कैसे पहुंची और उसका उपयोग क्यों किया गया। साथ ही मरीजों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अस्पताल के स्टॉक रूम और दवा भंडारण केंद्रों की भी जांच शुरू कर दी गई है।
डॉ. सुषमा वर्मा ने बताया कि अब तक अस्पताल में किसी अन्य एक्सपायर्ड दवा या चिकित्सा सामग्री के मिलने की पुष्टि नहीं हुई है, हालांकि पूरे मामले की गहन जांच जारी है। उन्होंने कहा कि घटना की जानकारी सिविल सर्जन को दी जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर विशेष जांच समिति का गठन भी किया जा सकता है। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषी पाए जाने वाले कर्मियों के खिलाफ विभागीय और कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मरीजों की सुरक्षा और स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
