जमशेदपुर के मानगो स्थित कालिका नगर, डिमना रोड निवासी शशि कुमार ने 70वीं बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) परीक्षा में 23वीं रैंक हासिल कर बड़ी सफलता प्राप्त की है। इस उपलब्धि के साथ उनका चयन बिहार पुलिस सेवा में उप पुलिस अधीक्षक (DSP) पद पर हुआ है। शशि कुमार, डॉ. लालन कुमार और प्रभा देवी के पुत्र हैं। वे वर्तमान में भारत सरकार के नवरत्न सार्वजनिक उपक्रम GAIL में सीनियर मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। नौकरी के साथ परीक्षा की तैयारी करते हुए उन्होंने यह सफलता हासिल की।
उनका परिवार शिक्षा और प्रशासनिक क्षेत्र से जुड़ा रहा है। पिता डॉ. लालन कुमार पीएचडी धारक हैं। बड़े भाई आनंद कुमार एसबीआई की डिमना रोड शाखा में ब्रांच मैनेजर हैं, जबकि उनकी बहन बिहार में बीपीएससी के माध्यम से चयनित पीजीटी शिक्षिका हैं। मूल रूप से बिहार के लखीसराय जिले के निवासी शशि कुमार की सफलता से परिवार, मित्रों और शुभचिंतकों में खुशी का माहौल है। लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।
शशि कुमार की उपलब्धि उन युवाओं के लिए प्रेरणादायक है जो नौकरी के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर अपने लक्ष्य हासिल करना चाहते हैं। उनकी सफलता यह संदेश देती है कि दृढ़ संकल्प, निरंतर मेहनत और सही दिशा में प्रयास से किसी भी मंजिल तक पहुंचा जा सकता है।
