पश्चिमी सिंहभूम जिला मुख्यालय चाईबासा के बिरसा मुंडा इंडोर स्टेडियम में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। जिला प्रशासन की ओर से आयोजित कार्यक्रम में अधिकारियों, स्कूली बच्चों और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भाग लेकर सामूहिक योगाभ्यास किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला परिषद अध्यक्ष लक्ष्मी सुरेन, उपायुक्त मनीष कुमार और उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान सत्र आयोजित किए गए, जिसमें बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
इस अवसर पर उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि योग शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक स्वास्थ्य के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि योग स्वस्थ जीवन की कुंजी है और इसे हर व्यक्ति को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए। जिला परिषद अध्यक्ष लक्ष्मी सुरेन ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नियमित योगाभ्यास से एकाग्रता बढ़ती है, तनाव कम होता है और व्यक्तित्व विकास में मदद मिलती है। उन्होंने छात्रों से योग को जीवनशैली का हिस्सा बनाने की अपील की।

कार्यक्रम में देवेंद्र कुमार (एनडीसी), जितेंद्र मुर्मू (एलआरडीसी), संजय कुमार (सदर एसडीओ), बहामन टुटी (एसडीपीओ) सहित जिला प्रशासन के कई अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। योग प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को योग के स्वास्थ्य लाभों की जानकारी देते हुए बताया कि नियमित योगाभ्यास रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने और जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों से बचाव में सहायक है। कार्यक्रम का समापन योग को नियमित जीवन का हिस्सा बनाने के संकल्प के साथ हुआ।
