सरायकेला : बामणी नदी में अज्ञात महिला का शव मिलने से सनसनी, हत्या की आशंका

सरायकेला : बामणी नदी में अज्ञात महिला का शव मिलने से सनसनी, हत्या की आशंका

Johar News Times
2 Min Read

नीमडीह थाना क्षेत्र में खून से लथपथ हालत में मिला शव, पहचान नहीं होने से जांच में जुटी पुलिस,

सरायकेला-खरसावां जिले के नीमडीह थाना क्षेत्र से गुजरने वाली बामणी नदी में शनिवार को एक अज्ञात महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। नदी किनारे शव मिलने की सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौके पर जुट गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार महिला का शव खून से लथपथ अवस्था में पड़ा हुआ था। शव की स्थिति को देखकर स्थानीय लोग हत्या की आशंका जता रहे हैं। हालांकि पुलिस ने अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

घटना की सूचना मिलते ही नीमडीह थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। समाचार लिखे जाने तक मृतका की पहचान नहीं हो सकी थी।

पुलिस आसपास के गांवों और थाना क्षेत्रों में महिला की पहचान कराने का प्रयास कर रही है। साथ ही यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि महिला स्थानीय है या कहीं अन्य स्थान से लाकर शव को नदी किनारे फेंका गया है।

घटना के बाद पूरे इलाके में चर्चा का माहौल है। ग्रामीणों के बीच महिला की मौत को लेकर तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। वहीं पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

नीमडीह थाना पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी महिला के लापता होने की सूचना हो तो तत्काल पुलिस को जानकारी दें, ताकि शव की शिनाख्त कर मामले की सच्चाई तक पहुंचा जा सके।

Share This Article