झारखंड के हजारीबाग जिले से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। जिले के बड़कागांव थाना क्षेत्र स्थित बादाम कोल खनन परियोजना में मंगलवार तड़के अज्ञात बदमाशों की एक बड़ी भीड़ ने बीजीआर कंपनी के कार्यालय पर धावा बोल दिया। हमलावरों ने दफ्तर के भीतर घुसकर जमकर उत्पात मचाया और भारी तोड़फोड़ की। इस अचानक हुए हमले से पूरे परियोजना क्षेत्र में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल कायम हो गया है।
सुबह 5 बजे हुआ हमला, दफ्तर के कीमती उपकरण और फर्नीचर चकनाचूर
मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना मंगलवार सुबह करीब पांच बजे की है। जब तक लोग कुछ समझ पाते, तब तक अज्ञात लोगों की उग्र भीड़ ने बीजीआर कंपनी के कार्यालय परिसर को निशाना बना लिया। हमलावरों ने कार्यालय में रखे कंप्यूटर, अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, फर्नीचर और कई महत्वपूर्ण दस्तावेजों को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कंपनी के किसी कर्मचारी या सुरक्षाकर्मी के घायल होने की सूचना नहीं है। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
वरिष्ठ अधिकारियों ने डाला डेरा, जांच के लिए खंगाले जा रहे CCTV फुटेज
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए स्थानीय अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी समेत जिले के अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। बड़कागांव थाना प्रभारी दीपक सिंह ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
हमलावरों सुराग लगाने और उनकी पहचान सुनिश्चित करने के लिए कार्यालय और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को खंगाला जा रहा है। साथ ही वहां तैनात सुरक्षाकर्मियों और स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
हमले की वजह अज्ञात, इलाके में बढ़ाई गई सुरक्षा
फिलहाल इस दुस्साहसिक हमले के पीछे की वास्तविक वजह क्या है, इसका खुलासा नहीं हो पाया है। लेवी , स्थानीय विवाद या किसी अन्य रंजिश के एंगल को ध्यान में रखकर पुलिस मामले की गहराई से तफ्तीश कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति साफ हो पाएगी। एहतियात के तौर पर कोल माइनिंग क्षेत्र और आसपास के इलाकों में पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है और स्थिति पर पैनी नजर रखी जा रही है।
