झारखंड के बोकारो जिले के चंद्रपुरा प्रखंड स्थित भंडारीडीह पंचायत के फुलवारी टोला में रविवार को जहरीला जंगली फल खाने से एक ही परिवार के नौ बच्चे बीमार पड़ गए। बच्चों की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां दो बच्चों की हालत गंभीर बनी हुई है। जानकारी के अनुसार, 4 से 15 वर्ष आयु के बच्चे घर के पास एक बगीचे में खेल रहे थे। इसी दौरान उन्होंने अज्ञात जंगली फल तोड़कर खा लिया। कुछ ही देर बाद बच्चों को चक्कर आना, उल्टी होना और बेचैनी जैसी समस्याएं शुरू हो गईं। बच्चों की हालत बिगड़ते देख परिजन उन्हें तत्काल फुसरो अनुमंडलीय अस्पताल लेकर पहुंचे।
डॉक्टर जितेंद्र ने बताया कि बीमार बच्चों में सारिका, संजीव, सिमरन, अंजली, नीतू, कृतिका, रोनित, भगीरथ और पंकज शामिल हैं। प्रारंभिक जांच में तीन बच्चों की स्थिति गंभीर पाई गई, जिनमें से दो को बेहतर इलाज के लिए बोकारो सदर अस्पताल रेफर किया गया। इस बीच परिजनों ने स्वास्थ्य व्यवस्था पर नाराजगी जताई। उनका आरोप है कि बोकारो सदर अस्पताल में पर्याप्त बेड और विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता नहीं थी, जिसके कारण उन्हें बच्चों को निजी अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। फिलहाल सभी बच्चों का इलाज जारी है। घटना के बाद क्षेत्र में चिंता का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जहरीले पेड़-पौधों और जंगली फलों के प्रति जागरूकता अभियान चलाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
