जादूगोड़ा: JMM नेता बाघराय मार्डी का आंदोलन लाया रंग, परमाणु ऊर्जा केंद्रीय विद्यालय की सभी यूनिटों में अब गरीब और विस्थापित बच्चों को भी मिलेगी मुफ्त शिक्षा

"शिक्षा के हक की बड़ी जीत! जादूगोड़ा परमाणु ऊर्जा विद्यालय में अब गरीब बच्चों का भी होगा मुफ्त नामांकन।"

Johar News Times
4 Min Read

क्षेत्र के विस्थापित, प्रभावित और गरीब परिवारों के नौनिहालों को शिक्षा के अधिकार से वंचित किए जाने के खिलाफ चल रहा आंदोलन आखिरकार रंग लाया है। झारखंड मुक्ति मोर्चा के पूर्व मुख्य संयोजक व पूर्व जिला परिषद सदस्य बाघराय मार्डी के नेतृत्व में किए गए जबरदस्त विरोध के आगे यूसिल प्रबंधन को झुकना पड़ा है। अब गैर-यूसिल कर्मियों के बच्चों के लिए भी परमाणु ऊर्जा केंद्रीय विद्यालय में बाल वाटिका-1 से लेकर स्टैंडर्ड वन तक मुफ्त नामांकन का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया है।

मुंबई AEES और UCIL की ओर से आधिकारिक पत्र जारी

बीते मार्च महीने से ही यूसिल प्रबंधन द्वारा स्थानीय विस्थापितों और गरीबों के बच्चों को एलकेजी, यूकेजी और नर्सरी में दाखिला देने से रोक लगा दी गई थी, जिसका भारी विरोध हो रहा था। अब यूसिल प्रबंधन ने ‘परमाणु ऊर्जा शिक्षा सोसायटी , मुंबई’ के संरक्षण में चल रहे जादूगोड़ा, नरवा पहाड़ और तुरामडीह यूरेनियम प्रोजेक्ट के केंद्रीय विद्यालयों में 3 वर्ष या उससे अधिक उम्र के बच्चों को मुफ्त शिक्षा देने का आधिकारिक पत्र जारी कर झामुमो नेता बाघराय मार्डी को अवगत करा दिया है। इससे पहले बाल वाटिका में केवल यूसिल कर्मियों के बच्चों का ही नामांकन होता था।

आंदोलन की बड़ी जीत: 400 बच्चों पर ₹1 करोड़ खर्च करेगी कंपनी

इस ऐतिहासिक फैसले के बाद झामुमो नेता बाघराय मार्डी ने कहा: “यूसिल जिस जमीन से यूरेनियम निकाल रही है, वहीं के मूलवासियों और गरीबों को शिक्षा से वंचित रखना चाहती थी। हमारे आंदोलन की बदौलत आज आसपास के प्रभावित क्षेत्रों के करीब 400 बच्चों को पहली से बारहवीं तक मुफ्त शिक्षा मिलना संभव हुआ है। इस पर यूसिल अपने CSR फंड के तहत करीब 1 करोड़ रुपये खर्च करती है, जिसमें बच्चों की फीस, किताबें, छात्रवृत्ति और ड्रेस शामिल हैं।”

अगला लक्ष्य: उच्च शिक्षा और विस्थापित युवाओं को रोजगार

बाघराय मार्डी ने ऐलान किया कि उनकी लड़ाई अभी थमी नहीं है। अब अभिभावकों की मांग पर अगली लड़ाई इस बात की होगी कि 12वीं पास करने के बाद गरीब बच्चों की उच्च शिक्षा (डॉक्टर, इंजीनियर बनाने) का जिम्मा भी कंपनी उठाए। साथ ही, कंपनी प्रभावित और विस्थापित युवाओं को खुद प्रशिक्षित कर रोजगार मुहैया कराए।

आहारघुटू में झामुमो नेता का भव्य स्वागत, आदिवासी परंपरा से जताया आभार

इस ऐतिहासिक फैसले से खुश होकर परमाणु ऊर्जा केंद्रीय विद्यालय अभिभावक संघ द्वारा तुरामडीह यूरेनियम प्रोजेक्ट से सटे आहारघुटू में एक भव्य विजय समारोह आयोजित किया गया।

  • कार्यक्रम में माया हेंब्रम, चंपा मुर्मू और प्रियंका गुड़िया ने झामुमो नेता बाघराय मार्डी, पूर्व जिला परिषद पिंटू दत्त और केरुआडुंगरी के मुखिया कान्हू मुर्मू को आदिवासी परंपरा के अनुसार पत्ता मुकुट पहनाकर और पट्टा देकर सम्मानित किया।
  • जीत की खुशी में पूरे क्षेत्र में मिठाइयां बांटी गईं।
  • इस मौके पर सुनील मुर्मू, सोमाय टुडू, शंकर राम बेसरा, लूगु बेसरा, घासी राम बेसरा, गोपाल सोरेन, विक्रम टुडू, सोमाय हो, जेना भूइया, गोरा पूर्ति और रातू सोरेन सहित सैकड़ों अभिभावक उपस्थित थे।
Share This Article