फेसबुक की पैरेंट कंपनी मेटा (Meta) में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को लेकर मची हलचल के बीच एक बड़ी खबर आ रही है। कंपनी के सीईओ मार्क जकरबर्ग (Mark Zuckerberg) ने खुद स्वीकार किया है कि हाल ही में किए गए कंपनी के रिस्ट्रक्चर (पुनर्गठन) में उनसे कुछ बड़ी गलतियां हुई हैं और जैसा नतीजा उन्होंने सोचा था, वैसा नहीं मिला।
बता दें कि मेटा ने बीते महीने ही अपने खर्चों को कम करने और AI पर फोकस बढ़ाने के लिए करीब 8,000 कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया था।
इंटरनल मेमो से हुआ खुलासा: ‘आगे भी हो सकती हैं गलतियां’
रॉयटर्स (Reuters) की एक रिपोर्ट के मुताबिक, मार्क जकरबर्ग ने कंपनी के एक इंटरनल मेमो में कर्मचारियों के सामने अपनी गलती मानी है। जकरबर्ग ने कहा कि कंपनी का AI ट्रांसफॉर्मेशन (AI के दौर में खुद को ढालना) पूरी तरह से सफल नहीं रहा है। उन्होंने कर्मचारियों को आगाह करते हुए यह भी कहा कि इस बदलते दौर में खुद को स्थापित करने की प्रोसेस के दौरान आने वाले दिनों में कंपनी से कुछ और गलतियां भी हो सकती हैं।
10% कर्मचारियों पर गिरी थी गाज, 7 हजार को मिला नया रोल
मार्क जकरबर्ग का यह बयान ऐसे समय पर आया है जब कुछ ही हफ्ते पहले मेटा ने अपने वर्कफोर्स में 10% की भारी कटौती की थी।
- कुल कर्मचारी: मार्च के अंत तक मेटा में लगभग 78,000 कर्मचारी कार्यरत थे।
- छंटनी: 10 परसेंट कटौती के तहत करीब 8,000 लोगों को बाहर का रास्ता दिखाया गया।
- री-असाइनमेंट: हालांकि, राहत की बात यह रही कि लगभग 7,000 मौजूदा कर्मचारियों को निकाला नहीं गया, बल्कि उन्हें AI से जुड़े नए प्रोजेक्ट्स में शिफ्ट कर दिया गया है।
क्या इस साल फिर होगी छंटनी? लगातार नौकरियों पर मंडराते खतरे के बीच जकरबर्ग ने कर्मचारियों को दिलासा देने की कोशिश की है। उन्होंने कहा कि इस साल अब किसी बड़े पैमाने पर छंटनी (Mass Layoffs) की योजना नहीं है। हालांकि, उन्होंने यह भी जोड़ा कि टेक इंडस्ट्री में हो रहे कई बदलाव उनके या कंपनी के नियंत्रण से बाहर हैं।
AI पर अरबों डॉलर का दांव खेल रही है मेटा
मार्क जकरबर्ग इस समय मेटा के पूरे बिजनेस मॉडल को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के इर्द-गिर्द री-डिजाइन कर रहे हैं। इसके लिए कंपनी इंफ्रास्ट्रक्चर, नए प्रोडक्ट्स और एआई टैलेंट पर अरबों डॉलर का निवेश कर रही है। मेटा का विजन कुछ ऐसे एडवांस्ड AI एजेंट्स तैयार करना है, जो भविष्य में उन कामों को संभाल सकें जो पारंपरिक रूप से इंसानी कर्मचारियों द्वारा किए जाते हैं।
