रांची: झारखंड कैडर के 1995 बैच के आईपीएस अधिकारी संजय आनंदराव लाठकर को केंद्र सरकार ने डीजी (डायरेक्टर जनरल) रैंक में इंपैनल किया है। केंद्रीय कार्मिक, लोक शिकायत एवं पेंशन मंत्रालय की ओर से जारी अधिसूचना में देशभर के 33 आईपीएस अधिकारियों को डीजी रैंक के लिए इंपैनल किया गया है।
सूची में 1990, 1991, 1994 और 1995 बैच के अधिकारियों को शामिल किया गया है। झारखंड से इस सूची में शामिल होने वाले संजय आनंदराव लाठकर एकमात्र अधिकारी हैं। वर्तमान में लाठकर केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर परमाणु ऊर्जा विभाग में एडीजी (सुरक्षा) के पद पर कार्यरत हैं। इससे पहले वे झारखंड में एडीजी ऑपरेशन की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं।
लंबा प्रशासनिक और पुलिसिंग अनुभव
संजय आनंदराव लाठकर एकीकृत बिहार के दौर में भोजपुर, अरवल, औरंगाबाद और गुमला के पुलिस अधीक्षक रह चुके हैं। झारखंड गठन के बाद उन्होंने गिरिडीह, धनबाद, जमशेदपुर और रेल धनबाद में एसपी के रूप में सेवाएं दीं। केंद्रीय प्रतिनियुक्ति के दौरान वे चार वर्षों तक सीआरपीएफ झारखंड सेक्टर के आईजी भी रहे। इसके बाद झारखंड लौटने पर उन्होंने करीब चार साल तक एडीजी ऑपरेशन के रूप में कार्य किया। डीजी रैंक में इंपैनलमेंट को उनके लंबे प्रशासनिक अनुभव और पुलिस सेवा में योगदान की महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
