70 मिलियन डॉलर के निवेश वाली डील से दक्षिण अमेरिका में बढ़ेगी APSEZ की मौजूदगी, 2027 से शुरू हो सकता है संचालन,
नई दिल्ली/ब्यूनस आयर्स: अदाणी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकोनॉमिक जोन (APSEZ) को अर्जेंटीना के पहले LNG (लिक्विफाइड नेचुरल गैस) निर्यात परियोजना के लिए 10 वर्षों का मरीन सर्विस कॉन्ट्रैक्ट मिला है। करीब 70 मिलियन डॉलर (लगभग 667 करोड़ रुपये) के निवेश वाली यह डील कंपनी के वैश्विक विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है और दक्षिण अमेरिका में उसकी पहली बड़ी उपस्थिति दर्ज कराएगी।
यह अनुबंध APSEZ की सहायक कंपनी अदाणी हार्बर इंटरनेशनल और मेरिडियन ग्रुप को अंतरराष्ट्रीय प्रतिस्पर्धी बोली प्रक्रिया के बाद मिला है। परियोजना के तहत सितंबर 2027 से वाणिज्यिक संचालन शुरू होने की संभावना है। परियोजना के पहले चरण में प्रतिवर्ष 2.45 मिलियन टन LNG उत्पादन का लक्ष्य रखा गया है, जो लगभग 28 LNG कार्गो शिपमेंट के बराबर होगा। अर्जेंटीना की योजना 2027 से भारत सहित कई देशों को LNG निर्यात करने की है।
APSEZ के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अश्वनी गुप्ता ने कहा कि यह अनुबंध वैश्विक ऊर्जा आधारित समुद्री परियोजनाओं में कंपनी की बढ़ती क्षमता और विशेषज्ञता का प्रमाण है। वर्तमान में APSEZ 12 देशों में मरीन ऑपरेशन्स और पोर्ट सेवाओं से जुड़ा हुआ है। उल्लेखनीय है कि गैस संकट के दौरान अर्जेंटीना ने भारत के लिए LPG आपूर्ति में उल्लेखनीय वृद्धि की थी। वर्ष 2026 की पहली तिमाही में अर्जेंटीना ने भारत को 50,000 टन LPG का निर्यात किया था। यह नया LNG प्रोजेक्ट भारत-अर्जेंटीना ऊर्जा सहयोग को और मजबूत करने वाला माना जा रहा है।
