9-10 जून को झारखंड में मूसलाधार बारिश के आसार, मौसम विभाग ने जारी की विशेष चेतावनी

9-10 जून को झारखंड में मूसलाधार बारिश के आसार, मौसम विभाग ने जारी की विशेष चेतावनी

Johar News Times
2 Min Read

रांची : झारखंड में मानसूनी गतिविधियां तेज होने लगी हैं। मौसम विज्ञान केंद्र, रांची ने 9 और 10 जून को राज्य के कई हिस्सों में भारी से अत्यधिक भारी वर्षा की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार यदि पूर्वानुमान सही साबित होता है तो वर्ष 2015 के बाद एक दिन में सर्वाधिक वर्षा का रिकॉर्ड बन सकता है। कुछ क्षेत्रों में 211 मिमी तक बारिश होने की संभावना व्यक्त की गई है, जिसे देखते हुए विशेषज्ञों ने विशेष एडवाइजरी जारी की है। पिछले कुछ दिनों से रांची समेत आसपास के जिलों में आंशिक बादल छाए रहने के कारण अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। वहीं आगामी दिनों में वर्षा की गतिविधियों में और तेजी आने के संकेत हैं, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है।

मौसम विभाग ने 7 जून के लिए राज्य के 17 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुड़, जामताड़ा, गिरिडीह और साहिबगंज को छोड़कर अन्य जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने, मेघगर्जन और वज्रपात की आशंका जताई गई है।

इसके अलावा 8 जून को पलामू, गढ़वा, चतरा, लातेहार, रांची, रामगढ़, गुमला, बोकारो, खूंटी, लोहरदगा और धनबाद को छोड़कर राज्य के अन्य हिस्सों में तेज हवा, मेघगर्जन और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। विभाग के अनुसार यह स्थिति 10 जून तक बनी रह सकती है। मौसम वैज्ञानिकों ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे शरण लेने से बचने तथा प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

Share This Article