पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर अंतर्गत गुलकेड़ा पंचायत के पूर्व उप मुखिया संजय बोयपाई की सनसनीखेज हत्या मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्याकांड का खुलासा कर दिया है और इस मामले में शामिल पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए अपराधियों के पास से हत्या में इस्तेमाल किया गया देशी कट्टा और एक मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है।
1 जून की रात को आंगन में सोते समय की गई थी हत्या
चक्रधरपुर थाना क्षेत्र के गुईगांव के रहने वाले पूर्व उप मुखिया संजय बोयपाई 1 जून की रात करीब 12:10 बजे अपने घर के आंगन में सोए हुए थे। इसी दौरान अज्ञात अपराधियों ने उन पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई थी। इस खौफनाक वारदात के बाद इलाके में दहशत फैल गई थी। पुलिस ने चक्रधरपुर थाने में कांड संख्या 66/26 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
SIT ने 72 घंटे के भीतर आरोपियों को दबोचा
हत्याकांड की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी डॉ. सैयद मुस्तफा हासमी के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल का गठन किया गया था। एसआईटी ने तकनीकी और मानवीय इनपुट की मदद से जाल बिछाया और 4 जून को छापेमारी कर पांचों आरोपियों को धर दबोचा।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान:
- सुरेश सोय
- कप्तान होनहांगा उर्फ टाटा
- गुने हिन्दु अंगरिया उर्फ मोटा
- बुधू बोदरा
- बिजू चौधरी
पुरानी रंजिश और जमीन विवाद में रची गई थी खूनी साजिश
पुलिस की कड़ी पूछताछ में सभी आरोपियों ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है। पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि गिरफ्तार आरोपी बिजू चौधरी का मृतक संजय बोयपाई के साथ लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद और पुरानी रंजिश चल रही थी। इसी का बदला लेने के लिए बिजू चौधरी ने संजय बोयपाई को रास्ते से हटाने का मन बनाया और मोटी रकम देकर अन्य शूटरों से पूर्व उप मुखिया की हत्या करवा दी।
